May 21, 2026

यूपी में भीषण गर्मी का कहर, 48.2 डिग्री के साथ बांदा बना देश का सबसे गर्म शहर, अगले कई दिन राहत के आसार नहीं

Heat_gk-1778377993141_v

लखनऊ: उत्तर प्रदेश इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान ने लोगों को बेहाल कर दिया। बुंदेलखंड का बांदा जिला पूरे देश में सबसे गर्म स्थान दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के लिए प्रदेश में भीषण लू का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि उसके बाद भी ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। तेज गर्म हवाओं और लगातार बढ़ते तापमान ने हालात और गंभीर कर दिए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक गर्म रातें रहने की संभावना जताई गई है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल पाएगी।

राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान जताया है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

प्रदेश में लू का असर सबसे ज्यादा बुंदेलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज होने के बाद यह देश का सबसे गर्म शहर बन गया। वहीं झांसी और आगरा में 46.5 डिग्री, प्रयागराज में 45.8 डिग्री और उरई में 45.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कानपुर शहर में पारा 44 डिग्री और मेरठ में 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इसके अलावा वाराणसी बीएचयू और फतेहगढ़ में 42.4 डिग्री, हरदोई में 42 डिग्री, फरसतगंज में 42.1 डिग्री और शाहजहांपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि पूर्वांचल के कुछ जिलों में तापमान अपेक्षाकृत कम रहा। गोरखपुर में 36.9 डिग्री, बस्ती में 38 डिग्री और बाराबंकी में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।

प्रदेश में सुबह से ही गर्म हवाओं का असर दिखाई देने लगा। बलिया से लेकर गाजियाबाद तक सुबह नौ बजे के बाद सड़कों पर गर्म हवा के थपेड़े महसूस किए गए और दोपहर होते-होते बाजारों तथा सार्वजनिक स्थानों पर सन्नाटा छा गया। पार्क, मॉल, बाजार और प्राणि उद्यानों में भी लोगों की आवाजाही बेहद कम दिखाई दी।

भीषण गर्मी का असर बिजली व्यवस्था पर भी साफ नजर आ रहा है। लगातार बढ़ती बिजली मांग के कारण ट्रांसफार्मर ओवरलोड हो रहे हैं और कई जिलों में बिजली की आवाजाही आम हो गई है। वहीं गर्मी को देखते हुए प्रदेश के अधिकतर जिलों में कक्षा आठ तक के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है।

गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप के बीच सरकारी और निजी अस्पतालों के बाह्य रोगी विभागों में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। डॉक्टरों के मुताबिक डिहाइड्रेशन, चक्कर, बुखार और हीट स्ट्रोक के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है।

डॉक्टरों ने जारी की सावधानी की सलाह

चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने की सलाह दी है। विशेषज्ञों का कहना है कि सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक धूप में निकलने से बचना चाहिए। डॉक्टरों ने खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों और हृदय रोगियों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मौसम विभाग के मुताबिक 25 मई तक पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल सकती हैं, जबकि झोंकों के साथ इनकी गति 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

हालांकि मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ उत्तर-पूर्वी इलाकों में 22 मई के बाद हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------