May 21, 2026

रायबरेली में राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले- संविधान पर लगातार हो रहा प्रहार, इसकी रक्षा करना जनता की जिम्मेदारी

cats331

रायबरेली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्र सरकार पर संविधान की मूल भावना को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश में संविधान पर लगातार हमला हो रहा है और इसकी रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में आयोजित ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि डॉ. भीमराव आंबेडकर, महात्मा गांधी और अनेक समाज सुधारकों की विचारधारा और संघर्षों की आवाज है।

क्रांतिकारी वीरा पासी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में राहुल गांधी ने कहा कि समाज डॉ. आंबेडकर और वीरा पासी को याद तो करता है, लेकिन उनकी विचारधारा की रक्षा करने में पीछे रह जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों की आंखों के सामने संविधान की मूल भावना पर हमला हो रहा है, लेकिन इसके बावजूद समाज चुप बना हुआ है।

राहुल गांधी ने कहा कि संविधान में डॉ. आंबेडकर, महात्मा गांधी, वीरा पासी, नारायण गुरु और बसवन्ना जैसे समाज सुधारकों की सोच और संघर्ष की झलक दिखाई देती है। उन्होंने बुद्ध, गुरु नानक और कबीर का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी आवाज भी संविधान में प्रतिबिंबित होती है।

सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि लोग बड़े-बड़े कार्यक्रम करते हैं और महापुरुषों की प्रतिमाओं के सामने सिर झुकाते हैं, लेकिन जब उनकी विचारधारा पर हमला होता है, तब आवाज उठाने से बचते हैं। राहुल गांधी ने कहा, “जो लोग आंबेडकर की प्रतिमा के सामने झुकते हैं, वही उनकी विचारधारा की रक्षा करने में पीछे हट जाते हैं। विचारधारा पर हमला हो तो उसका मुकाबला करना चाहिए।”

सभा में मौजूद लोगों की तालियों पर प्रतिक्रिया देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि केवल तालियां बजाने से काम नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि जब संविधान को कमजोर किया जाता है या उसकी भावना पर चोट पहुंचती है, तब समाज को खुलकर सामने आना चाहिए।

राहुल गांधी ने संविधान को समानता और न्याय का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह देश के हर नागरिक को बराबरी का अधिकार देता है। उन्होंने कहा कि संविधान की भावना कहती है कि भारत किसी एक व्यक्ति, जाति, संगठन या अरबपति का नहीं, बल्कि पूरे देशवासियों का है।

कांग्रेस सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपीलों का उल्लेख करते हुए दावा किया कि आने वाले समय में महंगाई तेजी से बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि ईंधन की खपत कम करने, सोने की खरीदारी से बचने और विदेश यात्राएं घटाने जैसी बातें आर्थिक दबाव और बढ़ती महंगाई के संकेत हैं। राहुल गांधी ने कहा कि आने वाले महीनों में पेट्रोल, डीजल, रसोई गैस और खाद्यान्न समेत रोजमर्रा की चीजें महंगी हो सकती हैं।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ आम लोगों से खर्च कम करने की बात कही जा रही है, जबकि दूसरी ओर सरकार खुद महंगे विमानों से विदेश यात्राएं कर रही है।

अपने संबोधन में राहुल गांधी ने मनरेगा, जातिगत जनगणना और उद्योगपतियों को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनिंदा उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का काम कर रही है और संविधान की मूल भावना के खिलाफ फैसले लिए जा रहे हैं।

राहुल गांधी ने कहा कि डॉ. आंबेडकर, वीरा पासी और महात्मा गांधी जैसे महापुरुषों को सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब उनकी विचारधारा और संविधान की रक्षा के लिए समाज एकजुट होकर खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के नए वीरा पासी, आंबेडकर और गांधी इसी समाज से निकलेंगे और देश को नई दिशा देंगे।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------