October 19, 2026

मथुरा की रामलीला में महिलाओं पर फब्तियों से भड़का विवाद, जमकर चलीं कुर्सियां; भगदड़ में जान बचाकर भागे लोग

polll_1792383369195_xZPe_1792383

मथुरा: कोसीकलां में रामलीला महोत्सव के दौरान सीता हरण लीला के मंचन के बीच महिलाओं पर कथित तौर पर फब्तियां कसने को लेकर हंगामा हो गया। विरोध करने पर विवाद बढ़ा और कुछ युवकों के बीच मारपीट शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। अचानक हुए बवाल से रामलीला मैदान में अफरातफरी मच गई। महिलाएं और बच्चे खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलने के करीब आधे घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर काबू पाया। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर हंगामा करने वालों की पहचान कर कार्रवाई में जुटी है।

महिलाओं पर फब्तियां कसने के विरोध में बढ़ा विवाद

रामलीला मैदान में बड़ी संख्या में लोग सीता हरण लीला का मंचन देख रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने महिलाओं पर फब्तियां कसनी शुरू कर दीं। महिलाओं के साथ आए लोगों ने इसका विरोध किया और मौके पर मौजूद होमगार्डों से कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि समय रहते कार्रवाई नहीं होने के कारण विवाद बढ़ गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुरुआत में कुछ युवकों के बीच कहासुनी हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। महिला वार्ड के पास हुए इस हंगामे से मैदान में भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।

पुलिस के देर से पहुंचने पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शी दीपेश और प्रदीप का कहना है कि घटना के समय मौके पर पुलिस मौजूद नहीं थी। सूचना देने के बाद भी पुलिस को पहुंचने में काफी देर लगी। करीब आधे घंटे बाद कस्बा प्रभारी दुष्यंत कौशिक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रामलीला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती नहीं होने से पहले भी पत्थरबाजी जैसी घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

वायरल वीडियो से होगी हंगामा करने वालों की पहचान

स्थानीय लोगों ने माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही, रामलीला देखने आने वाली महिलाओं की सुरक्षा के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती की मांग भी उठाई है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर के कार्यक्रम देख सकें।

प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह ने कस्बा प्रभारी दुष्यंत कौशिक से घटना की रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर हंगामे में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be  

एक नज़र