September 23, 2026

महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के कुलपति ने राज्यपाल एवं उच्च शिक्षा मंत्री से की शिष्टाचार भेंट

बरेली,10 सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फूले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने आज लखनऊ में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल से औपचारिक शिष्टाचार भेंट की तथा उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

राजभवन में आयोजित इस भेंट के दौरान कुलपति महोदय ने राज्यपाल महोदया को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, शोध परियोजनाओं तथा भावी योजनाओं से अवगत कराया। राज्यपाल महोदया ने विश्वविद्यालय के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार एवं गुणवत्ता संवर्धन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

तत्पश्चात आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय जी से भी शिष्टाचार भेंट की तथा उनका आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस भेंट के दौरान कुलपति महोदय ने मंत्री महोदय को विश्वविद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों, आधारभूत संरचना के विकास तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के क्रियान्वयन की प्रगति से अवगत कराया। उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय ने विश्वविद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए उच्च शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने हेतु आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया।

कुलपति आचार्य डॉ. अनिल कुमार राय ने राज्यपाल महोदया एवं उच्च शिक्षा मंत्री महोदय के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद के लिए आभार व्यक्त किया तथा विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता के पथ पर अग्रसर करने हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प दोहराया।

यह भेंट विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उन्नति एवं प्रदेश की उच्च शिक्षा नीति के समन्वय हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण रही।

 

बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र