जिलाधिकारी ने 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में करी बैठक

बरेली, 10 सितम्बर। जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कल दिनांक 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों के संबंध में बैठक विकास भवन स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य है कि माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के 25 वर्षों के निरंतर सेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना तथा प्रत्येक नागरिक को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना है।
जिलाधिकारी ने समस्त विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से संबंधित विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र जिला विकास कार्यालय को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित होने वाले सभी कार्यक्रम सुव्यवस्थित, प्रभावी और जनसहभागिता पर आधारित होने चाहिए, ताकि शासन की लोक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करते हुए विकासखंड, तहसील एवं नगर स्तर तक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करें। अभियान के दौरान स्वच्छता, स्वास्थ्य, वृक्षारोपण, जन जागरूकता, लाभार्थी संवाद तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित गतिविधियों का व्यापक आयोजन किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि सेवा संकल्प अभियान बरेली जनपद में सफलतापूर्वक एवं व्यापक जनभागीदारी के साथ संपन्न हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 10 सितम्बर तक विभागवार कार्ययोजना तैयार कर ली जाए। उन्होंने प्रमुख स्मारकों पर लेजर शो आयोजित किए जाने हेतु स्थलों का चयन करने तथा ग्राम चौपालों में ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित करने के निर्देश दिए। विद्यालयों में ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ विषय पर 17 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिलाधिकारी ने कहा कि हेल्दी बेबी कार्यक्रम के अंतर्गत सैम से मैम श्रेणी में आए बच्चों एवं उनकी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत नागरिक श्रमदान कर फोटो/वीडियो अपलोड कर डिजिटल प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। नदी-घाट सफाई, रक्तदान, वृक्षारोपण, वंचित बच्चों की शिक्षा, कैरियर काउंसलिंग, नशा मुक्त भारत, गौ सेवा तथा विद्यालयों में सेवा सहित विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, समस्त उप जिलाधिकारी सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

