May 22, 2026

आईपीएल के बाद भी इकाना में गूंजेगा क्रिकेट का जुनून, 17 जून को भारत-अफगानिस्तान वनडे में आमने-सामने होंगे विराट और रोहित

muskan-dixit-(39)2

लखनऊ: इकाना स्टेडियम में आईपीएल 2026 का रोमांच भले ही 23 मई को समाप्त हो जाएगा, लेकिन राजधानी लखनऊ में क्रिकेट का उत्साह थमने वाला नहीं है। करीब 24 दिन बाद एक बार फिर इकाना अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेजबानी करेगा। 17 जून को यहां भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

भारतीय टीम की घोषणा के बाद इस मुकाबले को लेकर फैंस की दिलचस्पी और बढ़ गई है। मैच का सबसे बड़ा आकर्षण टीम इंडिया के दो स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा होंगे। क्रिकेट प्रशंसकों को उम्मीद है कि ‘किंग’ विराट कोहली की दमदार बल्लेबाजी और ‘हिटमैन’ रोहित शर्मा के विस्फोटक शॉट्स से इकाना स्टेडियम एक बार फिर गुलजार नजर आएगा।

इकाना स्टेडियम की पिच को लेकर भी मुकाबले में रोमांच बढ़ने की संभावना है। लखनऊ की टर्निंग पिच पर स्पिन गेंदबाजों को हमेशा मदद मिलती रही है और यही वजह है कि अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद खान भारतीय बल्लेबाजों के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। उनकी फिरकी और पिच की मदद मैच का रुख बदलने की क्षमता रखती है।

भारतीय टीम के कई खिलाड़ी इस मैदान से अच्छी तरह परिचित हैं। केएल राहुल, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह और कुलदीप यादव इससे पहले भी इकाना में खेल चुके हैं। वहीं अफगानिस्तान की टीम भी स्पिन आधारित रणनीति के साथ मैदान पर उतर सकती है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली इस सीरीज का कार्यक्रम भी सामने आ चुका है। दोनों टीमों के बीच 6 से 10 जून तक न्यू चंडीगढ़ में टेस्ट मैच खेला जाएगा। इसके बाद 14 जून को धर्मशाला में पहला वनडे मुकाबला होगा। सीरीज का दूसरा वनडे 17 जून को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा, जबकि तीसरा और अंतिम वनडे 20 जून को चेन्नई में आयोजित होगा।

लखनऊ में होने वाले इस मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में अभी से टिकट और मैच को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। आईपीएल के बाद एक बार फिर इकाना में अंतरराष्ट्रीय सितारों का जमावड़ा देखने को मिलेगा।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------