नेपाल बॉर्डर पर बड़ा एक्शन! फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में घुस रहे अमेरिकी नागरिक समेत दो गिरफ्तार, पंजाब पुलिस का वांछित भी दबोचा
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों में एक अमेरिकी नागरिक और पंजाब का वांछित आरोपी शामिल है। इनके साथ मौजूद एक महिला को दस्तावेज सही पाए जाने के बाद छोड़ दिया गया।
नेपाल के रास्ते भारत में कर रहे थे प्रवेश
एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने रुपईडीहा बॉर्डर पर जांच के दौरान तीन लोगों को रोका। पूछताछ में पता चला कि अमेरिका के कैलिफोर्निया निवासी मनवीर सिंह और पंजाब के रोपड़ जिले का रहने वाला विक्रमजीत सिंह नेपाल के बांके जिले के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहे थे। उनके साथ एक महिला भी थी, जिसके दस्तावेज वैध पाए गए, इसलिए उसे छोड़ दिया गया।
‘वारिस पंजाब दे’ मामले में वांछित है विक्रमजीत
पुलिस के अनुसार, 23 फरवरी 2023 को पंजाब के अजनाला थाना क्षेत्र में ‘वारिस पंजाब दे’ संगठन के समर्थकों ने अपने साथियों की रिहाई की मांग को लेकर पुलिस थाने पर हमला किया था। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग तोड़ी, हथियारों के साथ थाने में घुसकर कब्जा किया, हवालात में बंद लोगों को जबरन छुड़ाया और आगजनी की थी।
इसी मामले में विक्रमजीत सिंह समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह पंजाब छोड़कर विदेश में रह रहा था और पुलिस की तलाश में था।

फर्जी आधार कार्ड और बिना वीजा सीमा पार करने की कोशिश
जांच में सामने आया कि अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह बिना वैध वीजा के भारत में प्रवेश कर रहा था। वहीं विक्रमजीत सिंह फर्जी आधार कार्ड के जरिए भारतीय सीमा में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पंजाब पुलिस को भी भेजी गई सूचना
कार्रवाई के बाद बहराइच पुलिस ने विक्रमजीत सिंह की गिरफ्तारी की सूचना पंजाब पुलिस को भी दे दी है। मामले में आगे की जांच जारी है। संयुक्त अभियान में एसएसबी और स्थानीय पुलिस की टीम ने सीमा पर सतर्कता बरतते हुए दोनों आरोपितों को पकड़ा।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

