बिना पंजीकरण चल रहा था जच्चा-बच्चा केंद्र, सीएमओ ने दिए कार्रवाई के निर्देश
गोण्डा। स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल पटेल ने मंगलवार को आर्यनगर क्षेत्र में जच्चा- बच्चा केंद्र व नवीन मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान बिना पंजीकरण अस्पताल संचालित किए जाने की बात सामने आई। सीएमओ को मौके पर कई रजिस्टर भी मिले। उन्होंने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद सीएमओ ने रुपईडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और प्रसव केंद्र के लेबर रूम का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी डॉ जितेंद्र मिश्रा व पैरामेडिकल स्टाफ की उपस्थिति के साथ ही उपस्थिति रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कर्मचारी निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहें और मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। प्रसव केंद्र के निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता और प्रसूताओं व नवजातों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। सीएमओ ने आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा ओपीडी में आने वाले मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अस्पताल परिसर में स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

