सात बच्चों की मां समधी संग घर छोड़कर हुई फरार, विरोध करने पर पति को मिली जान से मारने की धमकी
कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सात बच्चों की मां अपनी ही बेटी के ससुर यानी समधी के साथ घर छोड़कर चली गई। महिला के पति का आरोप है कि जब उसने इसका विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है, जिसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि मामला कोखराज थाना क्षेत्र का है। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में इसकी चर्चा तेज हो गई है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बेटी की शादी के तीन महीने बाद सामने आया मामला
जानकारी के अनुसार, महिला ने करीब तीन महीने पहले अपनी बेटी की शादी की थी। शादी के बाद बेटी के ससुर राकेश का महिला के घर आना-जाना बढ़ गया। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने लगीं। तीन दिन पहले महिला अचानक घर से लापता हो गई, जिसके बाद उसके पति इन्द्रराज ने उसकी तलाश शुरू की।
होटल में होने की जानकारी मिलने का दावा
पति इन्द्रराज का आरोप है कि तलाश के दौरान उसे जानकारी मिली कि उसकी पत्नी अपने समधी राकेश के साथ एक होटल में रह रही है। उसका कहना है कि जब उसने इस पर आपत्ति जताई तो राकेश ने उसे जान से मारने की धमकी दी।

धमकी की रिकॉर्डिंग होने का दावा
इन्द्रराज ने दावा किया है कि उसके पास राकेश के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है, जिसमें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी गई है। उसका कहना है कि यदि पुलिस मांग करेगी तो वह इस रिकॉर्डिंग को सबूत के तौर पर उपलब्ध कराने के लिए तैयार है।
शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित ने कोखराज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोखराज थाना प्रभारी संतोष शर्मा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

