August 20, 2026

खेदां वतन पंजाब दियां-2026: 10 लाख खिलाड़ी उतरेंगे मैदान में, 5 सितंबर को बठिंडा में होगा भव्य आगाज; पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट शामिल

punjab-cm-mann

चंडीगढ़: पंजाब में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवाओं को नशे से दूर रखने के उद्देश्य से ‘खेदां वतन पंजाब दियां-2026’ का आयोजन बड़े स्तर पर किया जाएगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को आयोजन को लेकर पत्रकार वार्ता में बताया कि इस बार करीब 10 लाख खिलाड़ियों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। गांव से लेकर राज्य स्तर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।

23 जिलों में निकलेगा मशाल जुलूस

खेलों के आयोजन से पहले पंजाब के सभी 23 जिलों में 12 अगस्त से 5 सितंबर तक मशाल जुलूस निकाला जा रहा है। इसके बाद 5 सितंबर को बठिंडा में खेलों का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस साल कुल 38 खेल प्रतियोगिताएं होंगी, जिनमें 14 वर्ष से कम उम्र के खिलाड़ियों से लेकर 70 वर्ष से अधिक उम्र के प्रतिभागी भी हिस्सा ले सकेंगे।

पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को मिली जगह

इस बार ‘खेदां वतन पंजाब दियां’ में पहली बार टेनिस बॉल क्रिकेट को शामिल किया गया है। इसके अलावा पैरा-एथलीटों के लिए एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग, बैडमिंटन और व्हीलचेयर बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी।

पिछले तीन सत्रों में इन खेलों में 11.85 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी दर्ज की गई है। वहीं, पिछले साढ़े चार वर्षों में 40,415 खिलाड़ियों को 135 करोड़ रुपये से अधिक की नकद पुरस्कार राशि दी जा चुकी है।

खिलाड़ियों के लिए पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क

‘खेदां वतन पंजाब दियां’ में हिस्सा लेने के लिए खिलाड़ियों से किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। खिलाड़ी खेल विभाग के पोर्टल या दिए गए क्यूआर कोड के जरिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं। आयोजन का समापन समारोह 29 नवंबर को पटियाला में होगा।

ओलंपिक की तैयारी के लिए 15 लाख रुपये की मदद

पंजाब सरकार अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से वित्तीय सहायता भी दे रही है। ओलंपिक की तैयारी करने वाले खिलाड़ियों को 15 लाख रुपये की सहायता दी जाती है। वहीं, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारी के लिए खिलाड़ियों को 8 लाख रुपये दिए जाते हैं।

85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार

इस वर्ष 85 खिलाड़ियों को महाराजा रणजीत सिंह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके अलावा 11 शीर्ष खिलाड़ियों को पीसीएस और डीएसपी स्तर पर सरकारी नौकरियां दी गई हैं। सरकार का जोर खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने पर है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------