‘दिख रहा है सब…’ सलमान खान ने सबसे पहले पकड़ ली थी सोनाक्षी-जहीर की लव स्टोरी, कपल ने सुनाया दिलचस्प किस्सा
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा और उनके पति जहीर इकबाल ने अपनी प्रेम कहानी से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। दोनों ने बताया कि जब वे अपने रिश्ते को सबसे छिपाने की कोशिश कर रहे थे, तब सबसे पहले सलमान खान ने उनके बीच बढ़ती नजदीकियों को पहचान लिया था। इस बात का खुलासा दोनों ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के टॉक शो ‘डबल डेट’ में किया।
सोनाक्षी और जहीर ने बताया कि शुरुआत में वे अपने रिश्ते को सार्वजनिक नहीं करना चाहते थे। हालांकि, सलमान खान ने उनके हाव-भाव और आपसी केमिस्ट्री देखकर पहले ही समझ लिया था कि दोनों के बीच दोस्ती से बढ़कर भी कुछ है।
सलमान से रिश्ता छिपाने की कोशिश नहीं आई काम
शो के दौरान जहीर इकबाल ने बताया कि इससे पहले कि वे खुद सलमान खान को अपने रिश्ते के बारे में बताते, अभिनेता को पहले से ही सब कुछ समझ में आ चुका था। उन्होंने कहा कि सलमान खान ने उनके व्यवहार से ही दोनों के रिश्ते का अंदाजा लगा लिया था।
सोनाक्षी सिन्हा ने भी इस बातचीत के दौरान बताया कि जब भी सलमान खान उनसे रिश्ते को लेकर सवाल करते थे, तो दोनों बात को टालने की कोशिश करते थे। लेकिन उनकी कोशिश ज्यादा समय तक सफल नहीं हो सकी।
सलमान खान ने कही थी मजेदार बात
सोनाक्षी ने बताया कि एक दिन सलमान खान ने उनसे मजाकिया अंदाज में कहा, “मुझे सब पता है। एक दिन तुम दोनों का ब्रेकअप होगा। फिर तुम मेरे पास आकर रोओगी और वह भी आकर रोएगा। मैं तुम दोनों से प्यार करता हूं, इसलिए किसी एक का पक्ष लेकर विलेन नहीं बनना चाहता।”
अभिनेत्री ने कहा कि यह सुनकर उन्हें एहसास हो गया था कि उनका रिश्ता अब सलमान खान से छिपा नहीं है।

ट्रेकिंग ट्रिप पर खुल गई थी पूरी बात
सोनाक्षी सिन्हा ने एक और दिलचस्प घटना साझा करते हुए बताया कि एक ट्रेकिंग ट्रिप के दौरान सलमान खान ने जहीर इकबाल के कंधे पर हाथ रखकर सिर्फ इतना कहा, “दिख रहा है सब।”
उनके मुताबिक, इन तीन शब्दों ने यह साफ कर दिया था कि सलमान खान उनके रिश्ते के बारे में सब कुछ समझ चुके हैं और अब इसे छिपाने का कोई मतलब नहीं था।
आखिरी बार इन फिल्मों में नजर आई थीं सोनाक्षी
वर्क फ्रंट की बात करें तो सोनाक्षी सिन्हा हाल ही में फिल्म ‘सिस्टम’ में नजर आई थीं। इस कोर्टरूम ड्रामा फिल्म में उनके साथ ज्योतिका भी अहम भूमिका में थीं। इससे पहले वह ‘जटाधारा’ और ‘निकिता रॉय’ में भी दिखाई दी थीं। फिलहाल अभिनेत्री अपने पति जहीर इकबाल के साथ निजी जीवन का आनंद ले रही हैं। उनके आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर अभी कोई नई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

