September 2, 2026

यूपी चुनाव 2027: कांग्रेस-सपा गठबंधन लगभग तय, सीट बंटवारे में कांग्रेस की बड़ी मांग

UP_Chunav_2027_1788307067942_178

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन की संभावना लगभग तय मानी जा रही है। हालांकि दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे का अंतिम फॉर्मूला अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन जल्द ही औपचारिक बातचीत शुरू होने की संभावना है। इस बीच कांग्रेस ने गठबंधन में पहले के मुकाबले अधिक सीटों की मांग को लेकर अपनी रणनीति को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

कांग्रेस 115 से 120 सीटों पर लड़ने की तैयारी में

कांग्रेस विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन के तहत 115 से 120 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। पार्टी का तर्क है कि वर्ष 2017 में समाजवादी पार्टी की सरकार और अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते हुए कांग्रेस को गठबंधन में 105 सीटें मिली थीं। ऐसे में वर्ष 2024 के चुनावी प्रदर्शन के बाद पार्टी इस बार सीटों की संख्या बढ़ाने की मांग कर रही है।

2017 के मुकाबले बदली राजनीतिक तस्वीर

प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार वर्ष 2017 में पार्टी ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उस समय कांग्रेस के पास लोकसभा में केवल 44 सीटें थीं और उत्तर प्रदेश से उसके सिर्फ दो सांसद थे। अब स्थिति अलग बताई जा रही है। कांग्रेस के पास उत्तर प्रदेश में छह सांसद हैं, जबकि लोकसभा में पार्टी के कुल 99 सांसद हैं।

कांग्रेस नेताओं का यह भी कहना है कि समाजवादी पार्टी पिछले दस वर्षों से सत्ता से बाहर है। वहीं, इस अवधि में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की राजनीतिक छवि मजबूत हुई है। पार्टी का मानना है कि कांग्रेस और सपा के गठबंधन से मुस्लिम, दलित और गैर यादव ओबीसी मतदाताओं का समर्थन मिल सकता है। इसी आधार पर कांग्रेस वर्ष 2017 की तुलना में अधिक सीटें चाहती है।

2024 के प्रदर्शन को आधार बना रही कांग्रेस

पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि वर्ष 2024 में समाजवादी पार्टी की 62 में से 37 सीटों पर मिली जीत में गठबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान संविधान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था, जिसका लाभ गठबंधन को चुनाव में मिला।

कांग्रेस का यह भी मानना है कि राहुल गांधी पेपर लीक और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर युवाओं के साथ खड़े हैं। ऐसे में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस-सपा गठबंधन को इसका राजनीतिक लाभ मिल सकता है। इसी वजह से पार्टी वर्ष 2017 के मुकाबले गठबंधन में 10 से 15 सीटें अधिक मिलने की उम्मीद कर रही है।

2027 में 2024 से बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य: अखिलेश

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने मंगलवार को पार्टी कार्यकर्ताओं से वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में एकजुट होकर वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव से बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता ने समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने का मन बना लिया है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से यह सुनिश्चित करने को कहा कि समाजवादी पार्टी समर्थकों का एक भी वोट कम न हो और कोई भी वोट छूटने न पाए। उन्होंने भाजपा की साजिशों से सावधान रहने और इस बार किसी भी तरह के धोखे से बचने की बात कही।

सरकार बनने पर मुफ्त इलाज समेत कई वादे

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर गरीबों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा और इसके लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, चिकित्सा और खेल समेत हर क्षेत्र को बेहतर बनाने का काम करेगी।

उन्होंने प्रदेश में खेल नीति बनाने और खेलों के लिए विशेष कोष तैयार करने की भी बात कही। साथ ही किसानों की सुविधाएं बढ़ाने के अलावा किसानों और बुनकरों के हित में फैसले लेने का भी आश्वासन दिया।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र