May 25, 2026

बड़े मंगल पर हजरतगंज में फोटोग्राफर्स के भंडारे में शामिल हुए अखिलेश यादव, बोले—“गंगा-जमुनी तहजीब ही देश की ताकत”

WhatsApp Image 2026-05-19 at 7.46.04 PM

लखनऊ: ज्येष्ठ माह के तीसरे मंगलवार यानी बड़े मंगल के अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार को लखनऊ में आयोजित भंडारे में शामिल हुए। उन्होंने उत्तर प्रदेश फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन की ओर से हजरतगंज चौराहा स्थित मीडिया प्वाइंट पर लगाए गए भंडारे में पहुंचकर श्री हनुमान जी की पूजा-अर्चना की और प्रसाद वितरण में भी भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार, फोटो जर्नलिस्ट और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।

भंडारे में दिखी भाईचारे की झलक

अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि मंगलवार के दिन बड़ी संख्या में लोग हनुमान जी की आराधना करते हैं और भंडारों में शामिल होकर सेवा भाव का प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ सहित पूरे शहर में आयोजित भंडारों में समाज के हर वर्ग की सहभागिता देखने को मिली, जो देश की गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी भाईचारे की पहचान है।

उन्होंने कहा कि संविधान भी हमें आपसी प्रेम, दया और सहयोग की सीख देता है और इन्हीं मूल्यों से देश मजबूत होता है।

फोटोग्राफर्स की पहल की सराहना

पूर्व मुख्यमंत्री ने फोटो जर्नलिस्ट एसोसिएशन द्वारा आयोजित भंडारे की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की परंपराएं सामाजिक एकता को मजबूत करती हैं। उन्होंने फोटोग्राफर्स को इस आयोजन के लिए बधाई भी दी।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, लखनऊ मध्य क्षेत्र के विधायक रविदास मेहरोत्रा, पूर्व ओएसडी आशीष यादव, और बड़ी संख्या में पत्रकार व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

राजभवन के पास मंदिर में भी पहुंचे अखिलेश यादव

भंडारे में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव राजभवन के सामने स्थित मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में भी पहुंचे। उन्होंने वहां प्रसाद ग्रहण किया और मंदिर के पुजारी से आशीर्वाद प्राप्त किया।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------