दिल्ली में आज ट्रैफिक अलर्ट: कई रास्तों पर डायवर्जन, कई मेट्रो स्टेशन बंद; घर से निकलने से पहले पढ़ें एडवाइजरी
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र की शुरुआत के साथ ही दिल्ली में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन और भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लागू किया है। इसके साथ ही सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशनों को भी अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। पुलिस ने लोगों से यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी देखने और वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।
इन प्रमुख मार्गों पर जाने से बचने की सलाह
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार संसद क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वाहनों की आवाजाही बढ़ने तथा सुरक्षा प्रतिबंधों के चलते लोगों को रफी मार्ग, मोतीलाल नेहरू मार्ग, मौलाना आज़ाद रोड, के. कामराज मार्ग, रायसीना रोड, राजेंद्र प्रसाद रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट, अशोक रोड, तालकटोरा रोड, पंडित पंत मार्ग और रकाब गंज गुरुद्वारा रोड से बचने की सलाह दी गई है।
इन चौराहों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विजय चौक, पटेल चौक गोलचक्कर, बोट क्लब, बूटा सिंह गोलचक्कर, रेल भवन गोलचक्कर, प्राइम चौक गोलचक्कर, सुनहरी मस्जिद गोलचक्कर, जीआरजी गोलचक्कर और जलेबी चौक गोलचक्कर पर भीड़ और ट्रैफिक दबाव रहने की संभावना जताई गई है। पुलिस ने नागरिकों से इन स्थानों से बचकर निकलने की अपील की है।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें इस्तेमाल
यात्रा के दौरान लोगों को जनपथ, मान सिंह रोड, अकबर रोड, विनय मार्ग, कनॉट प्लेस का आउटर सर्कल, तीन मूर्ति मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शांति पथ, आरएमएल गोलचक्कर, मौलाना अब्दुल कलाम आज़ाद रोड, मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड, कमाल अतातुर्क मार्ग, 11 मूर्ति, पंचशील मार्ग और सरदार पटेल मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
यात्रियों के लिए दिल्ली पुलिस की अपील

दिल्ली पुलिस ने वाहन चालकों से धैर्य बनाए रखने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है। साथ ही लोगों से कहा गया है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले ताजा ट्रैफिक स्थिति की जानकारी जरूर प्राप्त करें।
सुरक्षा कारणों से कई मेट्रो स्टेशन बंद
दिल्ली मेट्रो ने भी सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए कई प्रमुख स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद करने की घोषणा की है। जारी सूचना के अनुसार जनपथ, राजीव चौक, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और सेवा तीर्थ मेट्रो स्टेशन फिलहाल यात्रियों के लिए बंद रहेंगे।
मानसून सत्र के चलते बढ़ाए गए सुरक्षा इंतजाम
संसद के मानसून सत्र के मद्देनजर संसद भवन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत ट्रैफिक प्रतिबंध, रूट डायवर्जन और मेट्रो स्टेशनों को अस्थायी रूप से बंद करने जैसे कदम उठाए गए हैं, ताकि सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

