November 25, 2026

शेख हसीना की वापसी से बांग्लादेश में फिर भड़का तनाव, अवामी लीग ने 27-28 नवंबर को लॉकडाउन का किया ऐलान

bang-1795577824591_v

ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की स्वदेश वापसी के ऐलान के बाद राजनीतिक माहौल एक बार फिर गरमा गया है। उनकी पार्टी अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी ‘फुल लॉकडाउन’ का आह्वान किया है। पार्टी ने सरकार के सामने आठ प्रमुख मांगें भी रखी हैं, जिनमें अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध हटाने और राजनीतिक बंदियों की रिहाई की मांग शामिल है।

अवामी लीग के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली ने बताया कि शेख हसीना 16 दिसंबर को बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम की जीत की वर्षगांठ के मौके पर देश लौटेंगी। इस घोषणा के बाद देश में राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।

शेख हसीना के गृह जिले में हिंसा और तोड़फोड़

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज समेत कई इलाकों में तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली है। अवामी लीग का आरोप है कि उसके नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जिसके विरोध में पार्टी आंदोलन कर रही है।

मंगलवार को गोपालगंज में अवामी लीग कार्यकर्ताओं पर हमले की खबर सामने आई। इसके अलावा जिले में 12 दुकानों में तोड़फोड़ की घटना भी हुई है। हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।

अवामी लीग ने सरकार के सामने रखीं 8 मांगें

शेख हसीना की पार्टी ने तारिक रहमान सरकार के सामने कई मांगें रखी हैं। अवामी लीग ने शेख हसीना और पार्टी नेताओं के खिलाफ दर्ज मामलों को वापस लेने तथा राजनीतिक फैसलों को रद्द करने की मांग की है।

पार्टी ने अवामी लीग पर लगे प्रतिबंध को हटाने और उसे दोबारा राजनीतिक गतिविधियां संचालित करने की अनुमति देने की मांग भी की है। इसके अलावा जेल में बंद पार्टी नेताओं की रिहाई और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमों को खत्म करने की मांग की गई है।

अवामी लीग ने देश में बढ़ती महंगाई पर नियंत्रण, बिजली, गैस, पानी, ईंधन और खाद जैसी जरूरी चीजों की कीमतें कम करने की मांग की है। पार्टी ने बेरोजगार श्रमिकों को रोजगार देने और बंद पड़े उद्योगों को दोबारा शुरू करने की बात भी कही है।

नागरिक सुरक्षा और प्रेस की आजादी की मांग

अवामी लीग ने नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग करते हुए हत्या, बलात्कार, जबरन वसूली, लूटपाट और अवैध कब्जे जैसी घटनाओं पर रोक लगाने की बात कही है। पार्टी ने महिलाओं और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को भी अपनी मांगों में शामिल किया है।

इसके अलावा सैन्य और नागरिक अधिकारियों तथा पत्रकारों के खिलाफ दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लेने और प्रेस की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग

अवामी लीग ने उग्रवाद और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पार्टी का कहना है कि जेल से रिहा किए गए आतंकियों और उग्रवादियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

बांग्लादेश में बढ़ते राजनीतिक तनाव के बीच जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर्रहमान भी अपना ऑस्ट्रेलिया-मलेशिया दौरा बीच में छोड़कर ढाका लौट रहे हैं। मौजूदा हालात को देखते हुए देश में राजनीतिक गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be  

एक नज़र