खराब खाने पर बेटे ने पार की हैवानियत की हद, कुल्हाड़ी से मां की बेरहमी से हत्या; गांव में मचा हड़कंप
बहराइच: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के पुरैना गांव में कथित तौर पर खराब खाना बनने से नाराज बेटे ने अपनी मां पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पुरैना गांव निवासी भगवान दीन ने बताया कि उनकी पत्नी कन्या देवी ने गुरुवार सुबह चाय बनाई थी। इसके बाद वह गांव में आए अपने पिता को चाय देने के लिए घर से निकली थीं। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पर उनके बेटे छैलू ने कुल्हाड़ी से उन पर लगातार वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद गांव में मची अफरा-तफरी
वारदात की जानकारी मिलते ही गांव में बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर विशेश्वरगंज थाना प्रभारी संदीप कुमार द्विवेदी पुलिस टीम के साथ पहुंचे और मौके से ही आरोपी छैलू को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने मृतका के पति और अन्य ग्रामीणों के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद

पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दो दिन पहले भी हुआ था विवाद
मृतका के पति भगवान दीन ने बताया कि उनका बेटा खेती-बाड़ी में हाथ बंटाता था। दो दिन पहले भी मां के बनाए खाने को लेकर उसने नाराजगी जताई थी और विवाद हुआ था। परिवार ने इसे घरेलू मामला समझकर गंभीरता से नहीं लिया। गुरुवार सुबह जब वह आटा लेने बाहर गए थे, उसी दौरान आरोपी ने अपनी मां पर हमला कर दिया।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

