सैलरी, ओवरटाइम, मेडिकल सुविधा… CM ने रात में ही श्रमिकों के लिए दे दिए थे निर्दश; नोएडा में फूटा श्रमिकों का गुस्सा
नोएडा में वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर श्रमिक प्रदर्शन कर रहे हैं। सोमवार को प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। नोएडा के सेक्टर 60 और फेस-2 में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी की घटनाएं सामने आई हैं। श्रमिक बीते एक हफ्ते से नोएडा में प्रदर्शन कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी श्रमिकों के विरोध प्रदर्शन का संज्ञान लिया था। सीएम ने रविवार को उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे कि श्रमिक को सुरक्षित, सम्मानजनक और काम करने का बेहतरीन माहौल मिलना चाहिए और उनके अधिकारों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी औद्योगिक विकास प्राधिकरण अगले 24 घंटे के भीतर औद्योगिक संगठनों, उद्योग प्रतिनिधियों और इकाई प्रबंधन से सीधा संवाद स्थापित करें और समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से प्राथमिकता पर सुनिश्चित करें।
हर श्रमिक को सम्मानजनक मानदेय
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर श्रमिक को उसकी तनख्वाह समय पर और अगर कोई मजदूर ज्यादा काम (ओवरटाइम) करता है, तो उसे नियम के हिसाब से अलग से पैसे दिया जाए। कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, विश्रामगृह, स्वास्थ्य सुविधाएं एवं आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना प्रत्येक औद्योगिक इकाई की अनिवार्य जिम्मेदारी है।

श्रम कानूनों का अक्षरश पालन
सीएम ने निर्देश दिए कि औद्योगिक इकाइयां श्रम कानूनों का अक्षरश पालन करें, श्रमिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो। श्रम विभाग स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी प्रकार की औद्योगिक इकाइयों से सतत संवाद स्थापित करे। श्रमिकों के नाम पर माहौल बिगाड़ने वाले तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई करें, औद्योगिक क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाएं।
विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, कानपुर, मेरठ, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी और गोरखपुर के जिलाधिकारियों सहित यूपीसीडा, नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बैठक में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान तथा श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर की उपस्थिति रही।
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------

