May 25, 2026

राजस्थान रॉयल्स के कप्तान की बढ़ी मुश्किलें, ई-सिगरेट पीने को लेकर ठोका गया जुर्माना, BCCI उठा सकता है सख्त कदम

9-6-585x390

नई दिल्ली: आईपीएल 2026 के दौरान वेपिंग विवाद में फंसे रियान पराग पर बड़ा एक्शन लिया गया है। राजस्थान रॉयल्स के कप्तान पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की ओर से आईपीएल आचार संहिता के उल्लंघन के चलते की गई है।

क्या है पूरा मामला
यह घटना पंजाब किंग्स के खिलाफ खेले गए आईपीएल 2026 के 40वें मुकाबले के दौरान सामने आई, जब रियान पराग ड्रेसिंग रूम में ई-सिगरेट (वेपिंग) करते हुए टीवी कैमरों में कैद हो गए। इसके बाद उन्हें आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल-1 उल्लंघन का दोषी पाया गया।

किस नियम का उल्लंघन
रियान पराग को आर्टिकल 2.21 के तहत दोषी माना गया, जो “खेल की बदनामी करने वाले व्यवहार” से संबंधित है। इस उल्लंघन के चलते उनके खाते में डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है। मैच रेफरी अमित शर्मा द्वारा दी गई सजा को रियान ने स्वीकार कर लिया है।

BCCI ले सकता है कड़े फैसले
सूत्रों के मुताबिक, BCCI इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में और सख्त कदम उठा सकता है। बोर्ड इस बात पर विचार कर रहा है कि खिलाड़ियों, टीम प्रबंधन और फ्रेंचाइजियों के खिलाफ कड़े विकल्प लागू किए जाएं, ताकि लीग की साख पर कोई असर न पड़े।

कानूनी पहलू भी अहम
गौरतलब है कि भारत सरकार ने 2019 में ई-सिगरेट के उत्पादन, बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा रखा है। कानून के तहत पहली बार दोषी पाए जाने पर एक साल तक की सजा या एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है।

छवि पर असर
इस विवाद के बाद रियान पराग और राजस्थान रॉयल्स की छवि पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही यह मामला खिलाड़ियों के आचरण और पेशेवर जिम्मेदारियों पर भी बहस को जन्म दे रहा है।

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------