अमेरिका में गूंजा हिंदी और भारतीय संस्कृति का गौरव, कैलिफोर्निया असेंबली ने डॉ. कुमार विश्वास को किया सम्मानित
कैलिफोर्निया स्टेट लेजिस्लेचर के सदस्य और न्यायिक समिति के अध्यक्ष ऐश कालरा ने डॉ. कुमार विश्वास को यह सम्मान सौंपा। सम्मान-पत्र में उनके हिंदी काव्य और सांस्कृतिक कार्यों की सराहना की गई है। इसमें उल्लेख किया गया कि उन्होंने अपनी कविताओं और रामायण के प्रसंगों के जरिए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में रहने वाले लोगों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का प्रयास किया है। भारतीय विरासत को संरक्षित रखने और दक्षिण एशियाई भाषाओं की साहित्यिक समृद्धि को वैश्विक पहचान दिलाने में उनके योगदान को भी रेखांकित किया गया।
अमेरिका में भारतीयों के साथ विदेशी श्रोता भी सुन रहे रामकथा
डॉ. कुमार विश्वास इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। इस दौरान वह अपने लोकप्रिय कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ के जरिए भारतीय संस्कृति और रामकथा को अलग-अलग शहरों के लोगों तक पहुंचा रहे हैं। शिकागो, न्यू जर्सी और सैन फ्रांसिस्को में आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में भारतीय समुदाय के लोग पहुंचे। खास बात यह रही कि इन आयोजनों में अमेरिकी और दूसरे देशों के श्रोताओं ने भी हिस्सा लिया। अब डॉ. कुमार विश्वास डलास में रामकथा सुनाएंगे।
इन आयोजनों के जरिए रामकथा का दायरा भारतीय समुदाय से आगे बढ़ रहा है। अमेरिकी श्रोता भी भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों और भारतीय परंपराओं को समझने में दिलचस्पी दिखा रहे हैं। डॉ. कुमार विश्वास अपनी प्रभावशाली शैली में रामायण के प्रसंगों को मौजूदा जीवन से जोड़कर पेश करते हैं, जिससे नई पीढ़ी भी इनसे जुड़ सके।

फिल्म ‘रामायण’ के गीतों को लेकर भी चर्चा में हैं कुमार विश्वास
डॉ. कुमार विश्वास इन दिनों मेगा बजट फिल्म ‘रामायण’ के गीतों के बोल लिखने को लेकर भी सुर्खियों में हैं। फिल्म के गाने रिलीज होने के साथ ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन रहे हैं। उनके लिखे गीतों की भाषा, भाव और शब्दों को श्रोताओं की सराहना मिल रही है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
