August 20, 2026

मुंबई के कुर्ला में बारिश के बीच बड़ा भूस्खलन, 2 शव बरामद; 4-5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

navjivanindia_2026-08-12_7x3mx589_Kurla-Landslide

मुंबई: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बुधवार तड़के कुर्ला के चिराग नगर इलाके में भूस्खलन से बड़ा हादसा हो गया। गौसिया चॉल और राठौड़ मेडिकल के पास पहाड़ का एक हिस्सा अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में कई लोगों के आने की आशंका है। राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 4 से 5 लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। सूचना मिलते ही बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, एनडीआरएफ समेत विभिन्न एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू कर दिया।

तड़के 3:48 बजे मिली भूस्खलन की सूचना

बृहन्मुंबई नगर निगम के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 3:48 बजे चॉल के पास पहाड़ का हिस्सा गिरने की सूचना मिली। बताया गया कि रातभर हुई तेज बारिश के बीच अचानक भूस्खलन हुआ। इसके बाद मलबे में लोगों के दबे होने की आशंका को देखते हुए तत्काल राहत-बचाव दलों को घटनास्थल पर भेजा गया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी फायर ब्रिगेड, पुलिस, बिजली वितरण कंपनी, 108 एंबुलेंस और बीएमसी वार्ड की टीमें मौके पर पहुंचीं। बचाव दल मलबा हटाकर उसमें फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। संभावित घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के लिए भी व्यवस्था की गई है।

अब तक दो शव बरामद, 4-5 लोगों के दबे होने की आशंका

डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया कि बारिश के कारण घाटकोपर पुलिस के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में भूस्खलन हुआ। उनके मुताबिक, अब तक दो शव बरामद किए जा चुके हैं। वहीं करीब 4 से 5 लोगों के मलबे में फंसे होने की आशंका है।

उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ, बीएमसी और अन्य एजेंसियों के अधिकारी तथा पुलिसकर्मी लगातार राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान जारी है। इस बीच बीएमसी मेयर रितु तावड़े के भी घटनास्थल पर पहुंचने की जानकारी सामने आई है।

भारी बारिश के बीच लगातार जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। राहत दल मलबे को हटाकर संभावित रूप से फंसे लोगों की तलाश कर रहे हैं। लगातार बारिश के कारण बचाव अभियान में चुनौती बढ़ सकती है, इसलिए मौके पर मौजूद टीमें स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

पहले से संवेदनशील इलाकों में सतर्क रहने की अपील

मुंबई में मानसून के दौरान भूस्खलन और इमारतों के क्षतिग्रस्त होने के खतरे को देखते हुए एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन पहले से संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर लोगों को सतर्क रहने की अपील करते रहे हैं। लोगों से जोखिम वाले और कमजोर मकानों में नहीं रहने की सलाह दी जाती रही है।

प्रशासन के मुताबिक, कमजोर या अवैध रूप से बने मकानों में भारी बारिश के दौरान हादसे का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

मुंबई समेत कई इलाकों में बारिश का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने मुंबई में मानसूनी बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है। मुंबई, ठाणे, पालघर और रायगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मुंबई के उपनगरों में मंगलवार सुबह बारिश 2,000 मिलीमीटर के आंकड़े को पार कर गई थी। ऐसे में निचले और संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए खतरा और बढ़ गया है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------