July 6, 2026

लखनऊ को मिलेगी नई पहचान! गोमती रिवर फ्रंट पर 25 करोड़ का वॉटर लेजर शो, 266 करोड़ की 120 विकास परियोजनाओं को हरी झंडी

muskan-dixit-(3)

लखनऊ: राजधानी लखनऊ के विकास को नई रफ्तार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने 266 करोड़ रुपये की लागत वाली 120 विकास परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है। अवस्थापना विकास निधि की बैठक में इन परियोजनाओं पर मुहर लगाई गई। इनमें गोमती रिवर फ्रंट पर 25 करोड़ रुपये की लागत से वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो, आधुनिक लाइब्रेरी, ओपन जिम, बच्चों के पार्क, अंडरपास सौंदर्यीकरण और अग्निशमन व्यवस्था को सुदृढ़ करने जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं।

गोमती रिवर फ्रंट पर दिखेगा हाईटेक वॉटर लेजर शो

नई परियोजना के तहत गोमती रिवर फ्रंट पर नदी के बीच वॉटर लेजर लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जाएगा। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस शो में उत्तर प्रदेश के इतिहास, लखनऊ की सांस्कृतिक विरासत और कला को आधुनिक तकनीक के माध्यम से आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा।

266 करोड़ की 120 परियोजनाओं को मिली मंजूरी

पारिजात सभागार में आयोजित अवस्थापना विकास निधि की बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में सभी प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। बैठक में लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव सीपी त्रिपाठी, मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह और नगर निगम के मुख्य अभियंता महेश वर्मा सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

अग्निशमन व्यवस्था को मिलेगी आधुनिक मजबूती

शहर की अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए दो आधुनिक हाईड्रॉलिक प्लेटफॉर्म खरीदे जाएंगे। इसके लिए अग्निशमन विभाग को 68 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के तहत यूटिलिटी शिफ्टिंग और अन्य कार्यों पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

पार्कों में लगेंगे ओपन जिम, बच्चों के लिए बनेंगे नए खेल क्षेत्र

कानपुर रोड योजना, आशियाना, सरोजनी नगर समेत विभिन्न इलाकों के पार्कों में करीब 10.67 करोड़ रुपये की लागत से ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा शहर के 150 पार्कों में 6 करोड़ रुपये की लागत से बच्चों के लिए नए झूले और खेल उपकरण लगाए जाएंगे।

बटलर पैलेस में बनेगी आधुनिक लाइब्रेरी

ऐतिहासिक बटलर पैलेस को आधुनिक स्वरूप देने की दिशा में लगभग 5 करोड़ रुपये की लागत से यहां आधुनिक लाइब्रेरी विकसित की जाएगी। इसके लिए भवन के आंतरिक परिसर का कायाकल्प किया जाएगा, ताकि नागरिकों को आधुनिक पुस्तकालय की सुविधा मिल सके।

अंडरपास और अन्य क्षेत्रों का होगा सौंदर्यीकरण

कमता अंडरपास, होटल ताज अंडरपास, पिकप भवन अंडरपास समेत शहर के कई प्रमुख अंडरपासों पर लगभग 5.50 करोड़ रुपये की लागत से फसाड लाइटिंग और क्लैडिंग का कार्य कराया जाएगा। इसके अलावा ग्राम सदरौना में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जाएगा। कैटिल कॉलोनी में 7.50 करोड़ रुपये से आरसीसी नाले का निर्माण होगा, जबकि लोकबंधु चौराहे से एलडीए पार्किंग स्थल तक भी नया आरसीसी नाला बनाया जाएगा।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र