आरजीआईपीटी में तीन नए छात्रावासों का उद्घाटन, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा- शिक्षा, अनुसंधान और नवाचार से राष्ट्र निर्माण में दें योगदान

अमेठी: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को राजीव गांधी पेट्रोलियम प्रौद्योगिकी संस्थान (आरजीआईपीटी) के जायस परिसर में तीन नवनिर्मित छात्रावासों का उद्घाटन किया। उन्होंने सुभाष चंद्र बोस छात्रावास, होमी भाभा छात्रावास और विद्यासागर छात्रावास की उद्घाटन पट्टिकाओं का अनावरण किया और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। तीनों छात्रावासों में कुल 956 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है।

आरजीआईपीटी पहुंचने पर संस्थान के निदेशक आचार्य हरीश हिरानी, जिलाधिकारी संजय चौहान, पुलिस अधीक्षक सरवणन टी समेत अन्य गणमान्य अतिथियों ने उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया। छात्रावासों के उद्घाटन के बाद उपमुख्यमंत्री संस्थान के सभागार पहुंचे, जहां पारंपरिक दीप प्रज्वलित कर मुख्य समारोह की शुरुआत हुई। निदेशक आचार्य हरीश हिरानी और कुलसचिव आचार्य एम. एस. बालाथानिगैमणि ने पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
तीनों छात्रावासों में 956 विद्यार्थियों के रहने की सुविधा
अपने स्वागत संबोधन में निदेशक आचार्य हरीश हिरानी ने आरजीआईपीटी की शैक्षणिक प्रगति, प्रमुख उपलब्धियों, विद्यार्थी कल्याण से जुड़ी पहलों और आधारभूत संरचना के विकास की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि तीनों नए छात्रावास शुरू होने से संस्थान की आवासीय क्षमता में महत्वपूर्ण वृद्धि होगी। विद्यार्थियों को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक आवासीय सुविधाएं मिलेंगी, जिससे उनके अध्ययन और समग्र विकास के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
सुभाष चंद्र बोस छात्रावास में 304, विद्यासागर छात्रावास में 350 और होमी भाभा छात्रावास में 302 विद्यार्थियों के रहने की व्यवस्था है। इस तरह तीनों छात्रावासों में कुल 956 विद्यार्थी रह सकेंगे।
शिक्षा और नवाचार में योगदान का किया आह्वान
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समारोह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने तकनीकी शिक्षा, अनुसंधान और विद्यार्थी कल्याण के क्षेत्र में आरजीआईपीटी की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने विद्यार्थियों और संस्थान को उत्कृष्टता की दिशा में लगातार आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।
आयातित कच्चे तेल पर निर्भरता कम करने पर जोर

उपमुख्यमंत्री ने देश में अनुसंधान और नवाचार को मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने आयातित कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता कम करने के साथ वैकल्पिक और स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों के विकास एवं उपयोग में तेजी लाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के साथ पर्यावरणीय स्थिरता में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
गरीबों, किसानों और युवाओं के कल्याण की प्रतिबद्धता दोहराई
केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेष रूप से गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और वंचित परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को बांटे चेक
कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास योजना के चयनित लाभार्थियों को चेक भी वितरित किए। समारोह में मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह, विधायक सुरेश पासी, शैलेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश अग्रहरि और जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला समेत कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, आरजीआईपीटी के संकाय सदस्य, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी भी उपस्थित रहे।
तीनों छात्रावासों का उद्घाटन संस्थान की शैक्षणिक, आवासीय और विद्यार्थी सहायता संबंधी आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुसंधान और व्यावसायिक विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों को और गति मिलेगी।
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

