September 23, 2026

गोंडा में हिंदी दिवस समारोह की धूम, छात्राओं ने काव्य पाठ से लेकर प्रश्नोत्तरी तक दिखाई प्रतिभा

WhatsApp Image 2026-09-12 at 4.42.40 PM

गोंडा: सरस्वती देवी नारी ज्ञानस्थली पीजी कॉलेज में आगामी हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में 12 सितंबर को हिंदी विभाग की ओर से हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया। विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता श्रीवास्तव के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने काव्य पाठ, अभिनय, संगीत और विभिन्न प्रतियोगिताओं के जरिए हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति अपनी रुचि और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कस्तूरबा गांधी बालिका इंटर कॉलेज की प्राचार्या उपमा वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद संगीत विभाग की शिक्षिकाओं किरण पाण्डेय और जया त्रिपाठी के निर्देशन में छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।

प्राचार्या ने पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि का किया स्वागत

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथि उपमा वर्मा का स्मृति चिह्न के रूप में पौधा भेंट कर और अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा और साहित्य के विभिन्न पहलुओं पर छात्राओं ने प्रस्तुतियां दीं।

काव्य पाठ में बीए प्रथम, द्वितीय और तृतीय वर्ष की छात्राओं संज्ञा पांडे, कशिश सिंह, श्रद्धा तिवारी, सीमा वर्मा, शिवानी मिश्रा, निशा, नैन्सी तिवारी, सलोनी तिवारी और राजनंदनी ने हिंदी की भावपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कीं। मुख्य अतिथि ने छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की।

‘बदलते परिदृश्य में हिंदी’ पर हुई चर्चा

हिंदी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अमिता श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में ‘बदलते परिदृश्य में हिंदी’ विषय पर चर्चा की। उन्होंने हिंदी दिवस मनाए जाने के उद्देश्य और वर्तमान समय में हिंदी की भूमिका पर प्रकाश डाला।

इसके बाद हिंदी दिवस के अवसर पर पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें 12 छात्राओं ने हिस्सा लिया। इनमें से पांच छात्राओं को प्रतियोगिता के अंतिम चरण के लिए चुना गया। प्रतियोगिता में सारिका नाग ने प्रथम, कशिश सिंह ने द्वितीय और सानिया प्रवीण ने तृतीय स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में आराधना मिश्रा, पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आशा पाण्डेय, भईया राघवराम पाण्डेय स्मारक श्री गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राधाकुंड, गोंडा और प्रतिभा त्रिपाठी, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज, गोंडा शामिल रहीं।

हिंदी को संस्कृति और राष्ट्रीय पहचान की सशक्त अभिव्यक्ति बताया

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. आरती श्रीवास्तव ने हिंदी भाषा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी हमारी संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रीय पहचान की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि विश्व में सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषाओं में हिंदी का तीसरा स्थान है, जो इसकी व्यापकता और वैश्विक लोकप्रियता को दर्शाता है।

कर्ण की वेदना ने दर्शकों को किया भावुक

कार्यक्रम में अंशिका कौशल और निशा ने ‘कर्ण-श्रीकृष्ण संवाद’ के माध्यम से कर्ण की वेदना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। निशा ने कर्ण की भूमिका निभाते हुए उसकी पीड़ा, अंतर्द्वंद्व और समाज से मिले तिरस्कार को संवाद और अभिनय के जरिए जीवंत कर दिया। प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

इसके अलावा प्रिया शर्मा, सुनीता तिवारी, रोहिणी शर्मा, शिवानी यादव, डॉली, दीपाली दुबे, महिमा यादव, अंकिता, सलोनी, बबीता, आनंदा मिश्रा और काजल मिश्रा ने संत कबीर और रहीम के नीति एवं जीवन मूल्यों से जुड़े दोहों की संगीतमय प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक और भावपूर्ण बना दिया।

आठ इंटर कॉलेजों की टीमों ने हिंदी ज्ञान प्रश्नोत्तरी में लिया हिस्सा

हिंदी दिवस के अवसर पर डॉ. आनंदिता रजत के निर्देशन में ‘हिंदी ज्ञान एवं साहित्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता’ आयोजित की गई। इसमें आठ अलग-अलग इंटर कॉलेजों की टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में भईया राघवराम पाण्डेय स्मारक श्री गांधी विद्या मंदिर इंटर कॉलेज राधाकुंड गोंडा, स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज गोंडा, एम्स इंटरनेशनल स्कूल गोंडा, एम्स इंटर कॉलेज गोंडा, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज गोंडा, कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज गोंडा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी बनगांव गोंडा और पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोंडा की टीमों ने हिस्सा लिया।

एम्स इंटरनेशनल स्कूल ने जीता पहला स्थान

प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में एम्स इंटरनेशनल स्कूल ने प्रथम स्थान हासिल किया। पीएम राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि एम्स इंटर कॉलेज और सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला इंटरमीडिएट कॉलेज ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के आयोजन में छात्राओं निहारिका तिवारी और श्रेया के साथ प्रवक्ताओं श्रीमती कांचन पाण्डेय और सुवेन्दु वर्मा का विशेष योगदान रहा।

मंच संचालन से लेकर पुरस्कार वितरण तक छात्राओं ने संभाली जिम्मेदारी

पूरे समारोह का मंच संचालन संज्ञा तिवारी और कशिश सिंह ने प्रभावशाली ढंग से किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए गणमान्य अतिथियों ने भी हिस्सा लिया। एम्स इंटरनेशनल के मनोज मिश्रा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज रेलवे कॉलोनी की मंजु वर्मा और स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के डॉ. दिनेश कुमार शुक्ल ने हिंदी दिवस पर सभी को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि, योग शिक्षिका समता धनकानी और महाविद्यालय की प्राचार्या ने प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रतियोगिताओं में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह का समापन ज्ञानस्थली गीत और राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में श्रीमती रंजना बंधु, डॉ. नीलम छाबड़ा, डॉ. हरप्रीत कौर, डॉ. सीमा श्रीवास्तव, डॉ. मौसमी सिंह, डॉ. नीतू सिंह, डॉ. आशु त्रिपाठी, डॉ. रश्मि द्विवेदी, गीता श्रीवास्तव, सुनीता मिश्रा, सुनीता पाण्डेय, अनु उपाध्याय, डॉ. कुमकुम सिंह, डॉ. डी. कुमार, डॉ. विमला, हिमांशी मिश्रा, सुषमा सिंह, मोनिका श्रीवास्तव, तवरेज मंसूरी, मानवेंद्र श्रीवास्तव, राजेश मिश्रा, वंदना मिश्रा, संध्या सिन्हा, रोली श्रीवास्तव, प्रीति श्रीवास्तव, संतोष, कृष्ण कुमार, ननकू, दिनेश मिश्रा और दिनेश श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र