राहुल गांधी के खिलाफ बीजेपी का राष्ट्रव्यापी हल्लाबोल आज, कांग्रेस मुख्यालयों के घेराव की तैयारी
नई दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी समेत देशभर में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन करने जा रही है। पार्टी ने दिल्ली से लेकर राज्यों की राजधानियों और जिला मुख्यालयों तक कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन की तैयारी की है। भाजपा का आरोप है कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया गया।
दिल्ली से राज्यों तक प्रदर्शन की तैयारी
भारतीय जनता पार्टी ने दिल्ली के 24 अकबर रोड स्थित कांग्रेस मुख्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया है। इसके साथ ही विभिन्न राज्यों और जिलों में भी कांग्रेस कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को बड़ी संख्या में जुटाने की तैयारी की गई है।
लखनऊ में भी कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी भाजपा कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। दोपहर एक बजे उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) मुख्यालय के बाहर प्रस्तावित प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी करेंगे। पार्टी ने इसे कांग्रेस के विरोध में व्यापक अभियान का हिस्सा बताया है।
बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप
भाजपा नेताओं का कहना है कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन का अधिकार सभी को है, लेकिन प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास की ओर मार्च करना और सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देना स्वीकार्य नहीं हो सकता। पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस ने राजनीतिक विरोध के नाम पर संवैधानिक मर्यादाओं का उल्लंघन किया है, जिसके विरोध में यह राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है।

मंगलवार को बढ़ा था सियासी टकराव
मंगलवार को कांग्रेस ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले, प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रधानमंत्री आवास की ओर मार्च किया था। इस दौरान पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल, पवन खेड़ा समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
विपक्ष के कई नेता भी हुए थे शामिल
प्रधानमंत्री आवास की ओर हुए विरोध मार्च में कांग्रेस के अलावा समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार और अन्य विपक्षी दलों के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए थे। इस घटनाक्रम के बाद भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का फैसला लिया।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

