यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल, 35 IPS के बाद 31 PPS अधिकारियों का तबादला; 16 जिलों के ASP भी बदले
लखनऊ: उत्तर प्रदेश पुलिस में एक बार फिर बड़े स्तर पर तबादले किए गए हैं। शनिवार को 35 आईपीएस अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद अब 31 पीपीएस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। तबादला सूची में अपर पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस उपायुक्त स्तर के अधिकारी शामिल हैं। कई अधिकारियों को अलग-अलग जिलों और पुलिस कमिश्नरेट में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अखिलेश सिंह को हरदोई, मुकेश मिश्रा को गोरखपुर भेजा गया

तबादला सूची के अनुसार, उन्नाव के अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अखिलेश सिंह को हरदोई का अपर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) बनाया गया है। मुरादाबाद में अपर पुलिस अधीक्षक (यातायात) की जिम्मेदारी संभाल रहे सुभाष चंद्र गंगवार को एएसपी पीटीएस नियुक्त किया गया है।
वहीं, मुकेश चंद्र मिश्रा का बरेली से तबादला कर उन्हें गोरखपुर का अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) बनाया गया है।
गोंडा, अयोध्या और मीरजापुर में भी नई तैनाती
नितेश सिंह को गोंडा का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। राधेश्याम राय को अयोध्या (ग्रामीण) में अपर पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या प्रसाद सिंह को गोरखपुर का अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) नियुक्त किया गया है।
योगेंद्र सिंह को मीरजापुर का अपर पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। वहीं, सुधीर जायसवाल को अयोध्या में अपर पुलिस अधीक्षक (प्रोटोकॉल/यातायात) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कासगंज से लखनऊ और प्रयागराज तक अधिकारियों के तबादले

पवन गौतम को कासगंज का अपर पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। जितेंद्र कुमार दुबे को लखनऊ कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद से हटाकर यूपीपीसीएल मुख्यालय लखनऊ में एएसपी की नई जिम्मेदारी दी गई है।
जोगेंद्र लाल को प्रयागराज कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद से यूपी-112 मुख्यालय में एएसपी नियुक्त किया गया है। राघवेंद्र सिंह को एएसपी एटीएस की जिम्मेदारी दी गई है।
खीरी और हापुड़ में भी बदले गए एएसपी
तबादला सूची के तहत सुधीर कुमार को एएसपी खीरी (पूर्वी) और महेश कुमार को एएसपी हापुड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, एटीएस, पीटीएस, एसएसएफ, ईओडब्ल्यू और राज्य मानवाधिकार आयोग समेत विभिन्न पुलिस इकाइयों में भी अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है।
नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार संभालने के निर्देश
31 पीपीएस अधिकारियों के तबादले के साथ कई जिलों और पुलिस इकाइयों में जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। अधिकारियों को अपनी नई तैनाती पर तत्काल कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

