June 29, 2026

राम मंदिर ट्रस्ट में बड़ा बदलाव! चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि, 11 जुलाई की बैठक में नए महासचिव और CEO पर फैसला संभव

champat-rai-pti-1782558532

अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा अनियमितता मामले के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविन्ददेव गिरि ने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। साथ ही ट्रस्ट सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा का त्यागपत्र भी प्राप्त होने की जानकारी दी गई है। दोनों इस्तीफों पर अंतिम निर्णय 11 जुलाई को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में लिया जाएगा।

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर देशभर में चर्चा के बीच सामने आए इस घटनाक्रम को ट्रस्ट के भीतर बड़े प्रशासनिक बदलाव के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

ट्रस्ट ने जारी किया आधिकारिक बयान

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि हाल के दिनों में सामने आई घटनाओं से ट्रस्ट के सदस्य स्तब्ध, आहत और दुखी हैं। ट्रस्ट ने स्पष्ट किया कि चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा के त्यागपत्र प्राप्त हो चुके हैं तथा आगामी बैठक में इन पर विचार किया जाएगा।

बयान में कहा गया कि रामभक्तों और श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

दान में मिली चांदी और आभूषण सुरक्षित: ट्रस्ट

ट्रस्ट ने उन श्रद्धालुओं को भी आश्वस्त किया है जिन्होंने चांदी की ईंटें, आभूषण और अन्य मूल्यवान वस्तुएं मंदिर को समर्पित की हैं। ट्रस्ट के अनुसार, ऐसी सभी वस्तुएं सुरक्षित हैं और उनका पूरा हिसाब-किताब उपलब्ध है।

ट्रस्ट ने कहा कि श्रद्धालुओं के योगदान की सुरक्षा और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस संबंध में किसी प्रकार की चिंता की आवश्यकता नहीं है।

SIT रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुई FIR

ट्रस्ट के अनुसार, दानपात्रों से प्राप्त नकदी से जुड़े मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की अंतरिम रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में कानूनी प्रक्रिया जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

ट्रस्ट ने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

11 जुलाई की बैठक होगी बेहद अहम

राम मंदिर ट्रस्ट के सदस्य उडुपी पीठाधीश्वर विश्वतीर्थ प्रपन्नाचार्य जी महाराज ने बताया कि ट्रस्ट की नियमित बैठक 11 जुलाई को आयोजित होगी। इसी बैठक में प्राप्त इस्तीफों पर विचार किया जाएगा और आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, बैठक में नए महासचिव के चयन पर चर्चा हो सकती है। साथ ही डॉ. अनिल मिश्रा के स्थान पर नए ट्रस्ट सदस्य की नियुक्ति का प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।

CEO नियुक्ति पर भी लग सकती है मुहर

11 जुलाई को होने वाली बैठक में राम मंदिर परिसर के प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) की नियुक्ति पर भी फैसला लिया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो मंदिर प्रबंधन व्यवस्था में यह एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जाएगा।

ट्रस्ट से जुड़े सूत्रों का मानना है कि हालिया घटनाओं के बाद प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

चढ़ावा मामले में कार्रवाई पर रहेगी नजर

राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण में एसआईटी जांच और गिरफ्तारी की कार्रवाई पहले से जारी है। ऐसे में 11 जुलाई की बैठक न केवल ट्रस्ट की आंतरिक संरचना बल्कि आगे की प्रशासनिक रणनीति के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र