July 22, 2026

सिक्किम में बड़ा हादसा, लैंडस्लाइड से निर्माणाधीन टनल में फंसे 27 मजदूर; मीथेन गैस ने बढ़ाई रेस्क्यू की चुनौती

untitled-design-3-1784569951

गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले में सोमवार दोपहर हुए भूस्खलन के बाद निर्माणाधीन समरदुंग सड़क टनल का प्रवेश द्वार मलबे से बंद हो गया। हादसे के समय सुरंग के भीतर काम कर रहे कम से कम 27 मजदूर अंदर फंस गए। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। सुरंग के भीतर संदिग्ध मीथेन गैस के रिसाव की आशंका के चलते बचाव अभियान और अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है।

पटेल इंजीनियरिंग और एनएचपीसी के कर्मचारी टनल में फंसे

नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि सुरंग में फंसे मजदूरों की संख्या का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 कर्मचारी, यानी कुल 27 लोग टनल के भीतर मौजूद थे। प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया।

मीथेन गैस और कम दृश्यता से रेस्क्यू में आ रही दिक्कत

अधिकारियों के मुताबिक, भूस्खलन के बाद भूमिगत चट्टानों में हलचल होने से सुरंग के भीतर प्राकृतिक रूप से मीथेन गैस निकलने की आशंका है। गैस की मौजूदगी, टनल का संकरा रास्ता और बेहद कम दृश्यता के कारण बचाव अभियान लगातार मुश्किल होता जा रहा है। सुरंग में प्रवेश के दौरान कुछ बचावकर्मियों को चक्कर आने और बेहोश होने जैसी स्थिति का भी सामना करना पड़ा।

एनडीआरएफ, एसडीआरएफ समेत कई एजेंसियां मौके पर तैनात

बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की टीमें संयुक्त रूप से जुटी हुई हैं। इसके अलावा पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस विशेष बचाव दल भी मौके पर पहुंच चुका है। एंबुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है और गैस मास्क सहित सुरक्षा उपकरणों के साथ बचावकर्मी मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

तीस्ता स्टेज-6 परियोजना का हिस्सा है निर्माणाधीन सुरंग

अधिकारियों के अनुसार, यह सुरंग एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही एडीआईटी सुरंग का हिस्सा है, जिसका निर्माण पटेल इंजीनियरिंग कर रही है। जिला प्रशासन ने कहा है कि फिलहाल सभी फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी।

2023 के सिलक्यारा टनल हादसे जैसी चुनौती

यह घटना वर्ष 2023 में उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल हादसे की याद भी ताजा कर रही है, जहां 41 मजदूर सुरंग में फंस गए थे और उन्हें करीब दो सप्ताह तक चले कठिन रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया था।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र