June 29, 2026

राम मंदिर विवाद के बीच अयोध्या पहुंचे अरविंद केजरीवाल, रामलला के किए दर्शन; शाम 4 बजे करेंगे बड़ा खुलासा

08de4d74-58a0-474e-830b-a97ff2a580b6

अयोध्या: राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी विवाद के बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शुक्रवार को अयोध्या पहुंचे। उन्होंने रामलला के दर्शन और पूजन के बाद हनुमानगढ़ी में भी माथा टेका। इस दौरान राज्यसभा सांसद संजय सिंह और पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। केजरीवाल शाम चार बजे अयोध्या में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसे इस पूरे विवाद के बीच राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

रामलला के दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने भगवान राम के दर्शन करने के बाद हनुमानगढ़ी में भी पूजा-अर्चना की और साधु-संतों से मुलाकात कर चर्चा की। उन्होंने बताया कि शाम चार बजे आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वह अपनी बात विस्तार से रखेंगे।

लखनऊ में एक दिन पहले भाजपा पर साधा था निशाना

अयोध्या दौरे से एक दिन पहले लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला था। उन्होंने आरोप लगाया था कि भगवान राम की पादुका, हार, दीपक, गहने, हीरे-जवाहरात और चढ़ावे तक की चोरी हुई है। उन्होंने कहा था कि इस पूरे घटनाक्रम से उनका मन बेहद दुखी है और इसी कारण वह भगवान राम के दर्शन करने तथा संतों से मिलने अयोध्या जा रहे हैं।

एसआईटी की जांच पर भी उठाए थे सवाल

अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की निष्पक्षता पर भी सवाल खड़े किए थे। उनका आरोप था कि जांच दल का गठन केवल लीपापोती करने और बड़े लोगों को बचाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने यह भी पूछा था कि एसआईटी का गठन आखिर किस कानूनी प्रावधान के तहत किया गया है।

एफआईआर के बाद आठ आरोपी गिरफ्तार

राम मंदिर में दान और चढ़ावे में कथित हेराफेरी के मामले में एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर 25 जून को अयोध्या में पहली प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस अब तक इस मामले में आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ अन्य लोगों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

बीएनएस की कई धाराओं में दर्ज हुआ मामला

अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराएं 306, 316(5), 317(4), 317(5), 61 और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि 14 जून को श्री राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर राज्य सरकार ने दान से जुड़े कथित घोटाले की जांच के लिए तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था।

उपमुख्यमंत्री बोले- दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से देख रही है। उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने दोहराया कि किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र