November 25, 2026

सड़क पर चीखती युवती को गोद में उठाकर होटल ले गया युवक, मेरठ की वारदात का वीडियो वायरल; आरोपी की तलाश तेज

Screenshot_2026-11-24_230035_179

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने सड़क पर मदद के लिए चीख रही युवती को जबरन पकड़कर होटल ले जाने की कोशिश की। आबूलेन जैसे व्यस्त बाजार में हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपी युवक की तलाश शुरू कर दी है।

होटल से निकलकर मदद मांगते हुए सड़क पर पहुंची युवती

पुलिस के अनुसार, गाजियाबाद के वसुंधरा निवासी युवती सोमवार को अपनी सहेली से मिलने मेरठ आई थी। बताया गया कि युवती की करीब ढाई साल पहले नोएडा के एक मॉल में रोहटा क्षेत्र के जैनपुर निवासी सलमान से मुलाकात हुई थी, जिसके बाद दोनों की दोस्ती हो गई थी।

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोमवार शाम सलमान युवती को कार से आबूलेन स्थित होटल स्क्वायर लेकर पहुंचा। आरोप है कि बिना पहचान पत्र जमा किए होटल में कमरा लिया गया और युवती को रातभर वहां रखा गया।

बीच सड़क पर युवती को पकड़कर वापस ले गया युवक

मंगलवार दोपहर करीब डेढ़ बजे युवती किसी तरह होटल से बाहर निकलने में सफल रही और बदहवास हालत में सड़क पर दौड़ते हुए मदद मांगने लगी। इसी दौरान सलमान वहां पहुंच गया और युवती को पकड़ लिया। वायरल वीडियो में युवक द्वारा युवती को जबरन उठाकर वापस होटल ले जाते हुए दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी युवक होटल की छत के रास्ते फरार हो गया।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, होटल किया गया सील

मेरठ पुलिस ने युवती की शिकायत के आधार पर सलमान के खिलाफ मारपीट और बंधक बनाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने होटल को सील कर दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्वाट टीम समेत दो पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।

मेरठ सीओ कैंट संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि वायरल वीडियो आबूलेन स्थित होटल के बाहर का है। उन्होंने कहा कि युवक और युवती पहले से एक-दूसरे को जानते थे और सोमवार रात दोनों होटल में ठहरे थे। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था।

धर्मांतरण के दबाव और होटल की मिलीभगत का आरोप

अखिल भारतीय हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही ने आरोप लगाया है कि युवक युवती पर जबरन शादी और धर्मांतरण का दबाव बना रहा था। उन्होंने बिना पहचान पत्र के होटल में कमरा दिए जाने को लेकर होटल मालिक और प्रबंधन की भूमिका पर भी सवाल उठाए हैं और कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि पुलिस का कहना है कि युवती ने अपहरण की बात से इनकार किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be  

एक नज़र