गोंडा में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ का अधिवेशन संपन्न, अशोक कुमार पांडेय बने जिलाध्यक्ष
गोंडा: गांधी पार्क स्थित डॉ. संपूर्णानंद प्रेक्षागृह टाउन हॉल में जूनियर हाईस्कूल (पूर्व माध्यमिक) शिक्षक संघ का जनपदीय गोष्ठी एवं निर्वाचन समारोह उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षक हितों, शिक्षा की गुणवत्ता और संगठन की एकजुटता पर चर्चा की गई। अधिवेशन के दौरान सर्वसम्मति और लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत नई जिला कार्यकारिणी का चुनाव कराया गया, जिसमें अशोक कुमार पांडेय को जिलाध्यक्ष चुना गया।
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के निवर्तमान प्रांतीय अध्यक्ष राधा कृष्ण पाठक और मंचासीन अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर तथा पुष्पांजलि अर्पित करके किया। इसके बाद आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का माल्यार्पण, बैज अलंकरण और अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया गया।
समारोह में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष योगेश त्यागी, प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष विनय तिवारी और मंडल अध्यक्ष वीर विक्रम सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वक्ताओं ने शिक्षक हितों की रक्षा, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और संगठन को मजबूत बनाने पर अपने विचार रखे।
अशोक कुमार पांडेय को जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी
समारोह के दूसरे सत्र में पूर्व माध्यमिक शिक्षक संघ की जिला कार्यकारिणी के निर्वाचन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। चुनाव में पर्यवेक्षक के रूप में श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष राम नरेश यादव और चुनाव अधिकारी के रूप में मंडल उपाध्यक्ष उबेदुर्रहमन ने जिम्मेदारी निभाई।
निर्वाचन प्रक्रिया के बाद अशोक कुमार पांडेय को जिलाध्यक्ष, नरेंद्र कुमार सिंह को जिला कोषाध्यक्ष और अजीत तिवारी को जिला महामंत्री निर्वाचित घोषित किया गया। नई कार्यकारिणी के गठन पर उपस्थित शिक्षकों ने पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

चार जिलों के शिक्षक पदाधिकारियों ने की सहभागिता
अधिवेशन में गोंडा के अलावा बहराइच, बलरामपुर और श्रावस्ती के जिलाध्यक्ष, महामंत्री तथा कार्यकारिणी के प्रमुख सदस्य शामिल हुए। जनपद के सभी विकासखंडों से सैकड़ों शिक्षक और संगठन के पदाधिकारी कार्यक्रम में पहुंचे।
इस अवसर पर प्रांतीय संरक्षक राधा कृष्ण पाठक, प्रांतीय लेखाकार राजेश कुमार शुक्ला, प्रांतीय संयुक्त मंत्री सुशील कुमार, मंडल कोषाध्यक्ष संतोष पांडेय सहित आनंद प्रताप सिंह, यशवंत पांडेय, रूपेश पांडेय, धर्मेंद्र प्रताप सिंह और विनय सिंह मौजूद रहे।
शिक्षक हितों की रक्षा का लिया संकल्प
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने शिक्षक हितों की रक्षा करने और शिक्षकों के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक राष्ट्रगान और धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
