October 30, 2026

गोंडा में पशु चोर गिरोह का भंडाफोड़, 6 चोरी की भैंसें और पिकअप समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Image 2026-10-29 at 11.09.20 AM

गोंडा: जिले में भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना कर्नलगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर छह चोरी की भैंसें, एक पिकअप वाहन, दो मोटरसाइकिलें और 20 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर पशुओं की रेकी करते थे और रात में मौका पाकर उन्हें चोरी कर लेते थे। इसके बाद पशुओं को दूर-दराज के बाजारों में बेचकर रकम आपस में बांट लेते थे।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर 2026 की रात थाना कर्नलगंज पुलिस और एसओजी-सर्विलांस की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कर्नलगंज और आसपास के थाना क्षेत्रों में भैंस चोरी करने वाले कुछ लोग चोरी के पशुओं को पिकअप में लादकर परसपुर की ओर से घाघरा घाट की तरफ जा रहे हैं। दो मोटरसाइकिलों पर सवार लोग पिकअप की रेकी कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नकहरा चौराहे के पास बंधे पर घेराबंदी कर संदिग्ध वाहनों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर पिकअप चालक और कुछ अन्य लोग अंधेरे व झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं, पिकअप में सवार दो लोगों और दोनों मोटरसाइकिल चालकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पिकअप की तलाशी में चार काली भैंसें मिलीं।

झाड़ियों में छिपाकर रखी गई थीं दो और भैंसें

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर जरवल कस्बे के पास कटी नाला स्थित आम के बाग के किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखी गई दो अन्य भैंसें भी बरामद कीं। इस तरह कुल छह चोरी की भैंसें बरामद हुईं। पुलिस ने पशुओं की बिक्री से प्राप्त 20 हजार रुपये नकद के साथ वारदात में इस्तेमाल पिकअप और दो मोटरसाइकिलें भी कब्जे में लीं।

दिन में रेकी, रात में चोरी कर बेचते थे पशु

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गिरोह बनाकर काम करते थे। गिरोह के सदस्य दिन में गांवों में घूमकर उन स्थानों की रेकी करते थे, जहां लोग अपने दुधारू पशुओं को घर के बाहर बांधते थे। रात में मौका मिलने पर भैंस और अन्य पशुओं को चोरी कर नदी के कछार या झाड़ियों में छिपा देते थे। पर्याप्त संख्या में पशु इकट्ठा होने पर उन्हें पिकअप में लादकर दूर-दराज के पशु बाजारों में बेच दिया जाता था। बिक्री से मिलने वाली रकम गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। आरोपी आपस में दूरभाष के जरिए संपर्क में रहते थे।

पूछताछ में आरोपियों ने 24 अक्टूबर 2026 की रात कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घरकुइया से दो भैंस और 22 अक्टूबर की रात परसपुर थाना क्षेत्र के ग्राम शाहपुर से दो भैंस चोरी करने की बात बताई। इसके अलावा 12 सितंबर की रात कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम रथवलिया से एक भैंस और एक पड़िया तथा 26 सितंबर की रात खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम असिधा से एक भैंस चोरी कर बेचने की जानकारी भी दी।

बाराबंकी और सीतापुर के रहने वाले हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चांद बाबू पुत्र मो. नसीर और फुरकान पुत्र मो. सफीक, निवासी आलापुर, थाना कोतवाली नगर, बाराबंकी; गौतम पुत्र स्वर्गीय मंगल बेड़िया, निवासी मोहद्दीपुर, थाना महमूदाबाद, सीतापुर; तथा दूबेराज उर्फ लक्ष्मण पुत्र शकील उर्फ धाकड़, निवासी परवरभारी, थाना बड्डूपुर, बाराबंकी के रूप में की है।

चार थाना क्षेत्रों की चोरी की घटनाओं का खुलासा

पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई में चार मामलों का खुलासा हुआ है। इनमें थाना कर्नलगंज में मुकदमा संख्या 625/2026, थाना परसपुर में 641/2026, थाना कोतवाली देहात में 877/2026 और थाना खरगूपुर में 252/2026 शामिल हैं। इन मामलों में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में फुरकान के खिलाफ वर्ष 2025 में बाराबंकी के कोतवाली थाने में चोरी और शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज हैं। दूबेराज उर्फ लक्ष्मण के खिलाफ बड्डूपुर थाने में वर्ष 2025 के दो मामले दर्ज हैं। वहीं, गौतम के खिलाफ सीतापुर के महमूदाबाद थाने में वर्ष 2024, 2025 और 2026 के मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

संयुक्त पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना कर्नलगंज के थानाध्यक्ष अभय सिंह अपनी टीम के साथ, एसओजी प्रभारी आशुतोष सिंह, सर्विलांस प्रभारी मनीष कुमार, उपनिरीक्षक अक्षय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक अंकित सिंह, उपनिरीक्षक गौरव सिंह और उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव शामिल रहे।

 

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be  

एक नज़र