रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय के दीक्षारंभ- 2026 का सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण के साथ भव्य समापन
बरेली,23सितम्बर। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखण्ड विश्वविद्यालय, बरेली के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (FET) में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नवप्रवेशित बी.टेक. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए आयोजित 21 दिवसीय ‘दीक्षारंभ-2026’ ओरिएंटेशन कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक संध्या एवं पुरस्कार वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय एवं विभिन्न विभागों की शैक्षणिक तथा अन्य सुविधाओं से परिचित कराया गया। साथ ही व्याख्यान, खेल गतिविधियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम, तकनीकी प्रतियोगिताएं, क्विज एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना तथा उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता को प्रोत्साहित करना रहा।

समारोह में समर आउटरीच प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यशालाओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
मंच संचालन डॉ. प्रीति यादव ने किया। स्वागत संबोधन में FET की डीन प्रो. अर्चना गुप्ता ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि दीक्षारंभ केवल विश्वविद्यालय में प्रवेश की औपचारिक शुरुआत नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, प्रतिभा और क्षमताओं को नई दिशा देने का अवसर है। उन्होंने विद्यार्थियों से अकादमिक शिक्षा के साथ-साथ रचनात्मक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
कुलपति प्रो. अनिल कुमार राय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रेरणादायी शब्दों में कहा—
“विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल डिग्री प्रदान करना नहीं, बल्कि उन्हें ज्ञान, कौशल, संस्कार और आत्मविश्वास से युक्त जिम्मेदार एवं सक्षम नागरिक बनाना है। आप देश का भविष्य हैं। अपनी प्रतिभा को पहचानें, असफलताओं से सीखें, निरंतर सीखते रहें और समाज तथा राष्ट्र के निर्माण में अपना योगदान दें। अनुशासन, मेहनत, नैतिक मूल्यों और नवाचार की भावना के साथ आगे बढ़ने वाला विद्यार्थी न केवल व्यक्तिगत सफलता प्राप्त करता है, बल्कि राष्ट्र की प्रगति में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। आपके सपने बड़े हों, आपकी मंजिलें ऊंची हों और आपका परिश्रम निरंतर हो।”

सांस्कृतिक संध्या में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जार्श ने फ्लूट, एकरूप कौर ने मैंडोलिन तथा साक्षम, प्रिया और नैन्सी ने शानदार एकल प्रस्तुतियां दीं। बी.टेक. के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत फ्यूजन डांस ने विशेष आकर्षण पैदा किया और दर्शकों ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समारोह में विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों, फाइनेंस ऑफिसर, प्रो. मनोज कुमार, प्रो. सिंह, प्रो. अनिता त्यागी, श्री संजय सिंह, डॉ. इंदरप्रीत कौर, डॉ. आशीष शंकरवार, डॉ. छवि शर्मा, डॉ. सुमित श्रीवास्तव सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकगण एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों में उत्साह, आत्मविश्वास और विश्वविद्यालय के प्रति अपनत्व की भावना को और मजबूत किया।
बरेली से अखिलेश चन्द्र सक्सेना की रिपोर्ट
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

