August 20, 2026

Lucknow Metro: मछली मंडी होगी शिफ्ट, 5 एकड़ जमीन पर बनेगा मेट्रो डिपो; एलडीए की इन योजनाओं को भी मिलेगी रफ्तार

download (2)

लखनऊ: राजधानी में मेट्रो विस्तार और शहरी विकास से जुड़ी कई अहम योजनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। लखनऊ विकास प्राधिकरण दुबग्गा स्थित मछली मंडी को दूसरी जगह स्थानांतरित कर उसकी जमीन मेट्रो डिपो के लिए उपलब्ध कराने की योजना बना रहा है। इसके अलावा वर्षों से लंबित प्रबंध नगर योजना को फिर शुरू करने, बस अड्डे और आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर के लिए जमीन उपलब्ध कराने समेत कई प्रस्तावों को बोर्ड से बाई सर्कुलेशन मंजूरी दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।

मछली मंडी की जमीन पर बनेगा मेट्रो डिपो

एलडीए की योजना के अनुसार दुबग्गा स्थित मंडी परिषद की करीब पांच एकड़ जमीन पर संचालित मछली मंडी और इसके आसपास की अन्य जमीन मेट्रो परियोजना के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। इसके बदले एलडीए मंडी परिषद को बसंतकुंज योजना के सेक्टर-पी में 20 एकड़ जमीन देगा।

मछली मंडी को दूसरी जगह स्थानांतरित करने के बाद खाली होने वाली जमीन यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को मेट्रो डिपो के निर्माण के लिए दी जाएगी। इससे मेट्रो विस्तार से जुड़े जरूरी ढांचे को विकसित करने में मदद मिलेगी।

2005 से अटकी प्रबंध नगर योजना पर फिर शुरू होगा काम

एलडीए ने वर्ष 2005 से प्रस्तावित प्रबंध नगर योजना को दोबारा आगे बढ़ाने की तैयारी की है। यह मामला फिलहाल हाईकोर्ट में विचाराधीन है। ऐसे में योजना से संबंधित आगे की प्रक्रिया न्यायालय के आदेशों के अनुरूप पूरी की जाएगी।

इसके साथ ही वीरबल साहनी मार्ग पर आधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर विकसित करने के लिए जमीन आवंटित करने का प्रस्ताव भी बोर्ड के सामने रखा जाएगा।

बसंतकुंज में बनेगा रोडवेज बस अड्डा

बसंतकुंज क्षेत्र में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की ओर से बस अड्डा विकसित करने की योजना है। इसके लिए एलडीए जमीन उपलब्ध कराने का प्रस्ताव तैयार कर रहा है। इस प्रस्ताव को भी बोर्ड से बाई सर्कुलेशन मंजूरी दिलाने की तैयारी है।

वहीं, वशिष्ठ कुंज योजना के विकास के लिए शासन से 400 करोड़ रुपये की मंजूरी पहले ही मिल चुकी है। ऐसे में योजना से जुड़े विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

वरुण विहार और नैमिष नगर योजना की लॉन्चिंग की तैयारी

एलडीए ने आगरा एक्सप्रेसवे के पास प्रस्तावित वरुण विहार और बीकेटी स्थित नैमिष नगर आवासीय योजना को लॉन्च करने की तैयारी भी तेज कर दी है। दोनों योजनाओं का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कर सकते हैं।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर शिलान्यास कार्यक्रम के लिए समय मांगा है। शिलान्यास के साथ ही दोनों आवासीय योजनाओं की लॉन्चिंग और करीब 4 हजार भूखंडों की बिक्री के लिए पंजीकरण शुरू करने की तैयारी है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- --------------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------------