प्रयागराज ट्रिपल मर्डर: मूक-बधिर दंपती समेत तीन की बेरहमी से हत्या, चीख भी नहीं सके पीड़ित; पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में शाहगंज थाना क्षेत्र के गढ़ीकला मोहल्ले में हुए सनसनीखेज ट्रिपल मर्डर ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। घनी आबादी वाले मकान में मूक-बधिर दंपती समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई, लेकिन किसी को वारदात की भनक तक नहीं लगी। प्रारंभिक आशंका है कि तीनों मूक-बधिर होने के कारण मदद के लिए आवाज भी नहीं लगा सके और हमलावर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया।
रातभर किसी को नहीं लगी वारदात की भनक
जानकारी के अनुसार, तीन मंजिला मकान के भूतल पर मकान मालकिन अपने बेटे के साथ रहती हैं। पहली मंजिल पर मूक-बधिर दंपती और बगल के कमरे में एक अन्य युवक किराए पर रह रहा था, जबकि दूसरी मंजिल पर दो अन्य किराएदार रहते थे। मकान मालकिन ने बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे तक सब कुछ सामान्य था। वहीं अन्य किराएदारों ने पुलिस को बताया कि रात में किसी सामान के गिरने जैसी आवाज सुनाई दी थी, लेकिन उन्होंने इसे सामान्य समझकर अनदेखा कर दिया।
एक ही कमरे में मिले तीनों के शव
मंगलवार सुबह घटना का खुलासा हुआ, जब कमरे में मूक-बधिर दंपती और एक युवक के शव खून से लथपथ मिले। प्रारंभिक जांच में सिर पर गंभीर वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
कई वर्षों से प्रयागराज में रह रहा था दंपती
पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि मृतक दंपती कबाड़ इकट्ठा कर बेचने का काम करता था। स्थानीय कबाड़ कारोबारी ने बताया कि दोनों खुद को कोलकाता का निवासी बताते थे और कई वर्षों से प्रयागराज में रह रहे थे। जिस मकान में घटना हुई, वहां भी वे पहले किराए पर रह चुके थे और करीब ढाई साल बाद दोबारा रहने आए थे।

पहचान पत्र नहीं मिलने से उठे सवाल
घटना के बाद मृतकों के पास पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिलने पर कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कुछ स्थानीय लोगों ने उनके रोहिंग्या या बांग्लादेशी होने की आशंका भी जताई, लेकिन पुलिस ने ऐसे दावों को निराधार बताया है। अधिकारियों का कहना है कि अब तक की जांच में ऐसा कोई तथ्य सामने नहीं आया है, जिससे इन चर्चाओं की पुष्टि होती हो।
हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया किसी आपसी विवाद के चलते हत्या की आशंका लग रही है। मृतकों की शिनाख्त, संदिग्ध लोगों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

