यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों के तबादले, गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली समेत कई मंडलों को मिले नए कमिश्नर
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। जारी आदेश के तहत विभिन्न मंडलों, विभागों और प्रमुख संस्थानों में नई नियुक्तियां की गई हैं। इस बदलाव में गोरखपुर, प्रयागराज, बरेली और बस्ती मंडलों के नए मंडलायुक्त नियुक्त किए गए हैं, जबकि आवास, कृषि, गृह, ऊर्जा और औद्योगिक विकास से जुड़े विभागों में भी अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।
अनिल ढींगड़ा को मिली आवास विभाग की अहम जिम्मेदारी
अब तक गोरखपुर मंडलायुक्त रहे अनिल ढींगड़ा को उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद का आवास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें नगर भूमि सीमारोपण का निदेशक और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग में सचिव की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
इंद्र विक्रम सिंह बने गोरखपुर के नए मंडलायुक्त
कृषि, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के सचिव तथा राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक रहे इंद्र विक्रम सिंह को गोरखपुर मंडल का नया मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है।
कृषि विभाग में रविंद्र को अतिरिक्त प्रभार
प्रमुख सचिव कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग के पद पर कार्यरत रविंद्र को राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
बस्ती, बरेली और प्रयागराज को मिले नए मंडलायुक्त
प्रबंध निदेशक पीसीएफ रहे वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडलायुक्त बनाया गया है। बरेली मंडलायुक्त भूपेंद्र एस. चौधरी को प्रशासनिक सुधार विभाग में सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक शम्भू कुमार को बरेली का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।

लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. लोकेश एम. को प्रयागराज मंडलायुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं प्रयागराज मंडलायुक्त रहीं सौम्या अग्रवाल अब उत्तर प्रदेश की नई श्रमायुक्त होंगी।
ऊर्जा, गृह और नोएडा में भी बदली जिम्मेदारियां
राजस्व परिषद, प्रयागराज में सदस्य (न्यायिक) रहे संदीप कुमार को पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। गृह एवं सतर्कता विभाग के सचिव प्रकाश बिन्दु को पीसीएफ का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर विकास प्राधिकरण के सचिव पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है। वहीं नोएडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल को गृह विभाग में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
औद्योगिक विकास प्राधिकरण की कमान डॉ. बलकार सिंह को
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के आवास आयुक्त, नगर भूमि सीमारोपण निदेशक और आवास एवं शहरी नियोजन विभाग के सचिव रहे डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

