शोपियां में सुरक्षाबलों की बड़ी कामयाबी, लश्कर कमांडर जाकिर गनी ढेर, भारी हथियारों का जखीरा बरामद
श्रीनगर: जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। शोपियां जिले के चनापोरा इलाके में हुए मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का कमांडर जाकिर गनी मार गिराया गया। अधिकारियों के मुताबिक, इलाके से गोलीबारी की आवाजें आने के बाद सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद एक आतंकवादी का शव बरामद हुआ। पहचान जाकिर गनी के रूप में हुई है।
संयुक्त अभियान में हुई कार्रवाई, भारी हथियार बरामद
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मारा गया आतंकवादी किसी बड़ी आतंकी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में था। उसके कब्जे से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। यह कार्रवाई सेना की राष्ट्रीय राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान के दौरान की गई। बताया गया कि शोपियां में शनिवार से ही अभियान जारी था। खुफिया इनपुट मिलने के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया था।
2024 में लश्कर में हुआ था शामिल, ए+++ श्रेणी का आतंकवादी था
सुरक्षाबलों के मुताबिक, जाकिर गनी कुलगाम का रहने वाला था और उसने वर्ष 2024 में लश्कर-ए-तैयबा का दामन थामा था। सुरक्षा एजेंसियों ने उसे ए+++ श्रेणी का आतंकवादी घोषित कर रखा था और वह सुरक्षाबलों की हिट लिस्ट में शामिल था। मुठभेड़ के बाद भी पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान जारी है ताकि किसी अन्य आतंकवादी की मौजूदगी की संभावना को खत्म किया जा सके।

पांचवें दिन भी जारी है एंटी-टेरर अभियान
शोपियां के सैदापोरा गांव में आतंकवादियों की मौजूदगी की पुख्ता खुफिया सूचना मिलने के बाद शुरू किया गया एंटी-टेरर ऑपरेशन अब पांचवें दिन में प्रवेश कर चुका है। सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर रखी है और लगातार तलाशी अभियान चला रहे हैं। इस मुठभेड़ के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अपने सोशल मीडिया मंच पर कहा कि, “आप भाग तो सकते हो, लेकिन छिप नहीं सकते। विशेष अभियान दल, राष्ट्रीय राइफल्स और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त अभियान में लश्कर के एक आतंकवादी को मार गिराया गया।”
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
