June 29, 2026

राम मंदिर विवाद पर सीएम योगी का बड़ा अल्टीमेटम, बोले- राम भक्तों की आस्था से खिलवाड़ बंद करो, दोषी कोई भी हो नहीं बख्शेंगे

yogi_adityanath_1780275597447_17

देवरिया: अयोध्या राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी मामले में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाया है। देवरिया में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि राम भक्तों की आस्था की अग्नि परीक्षा लेना बंद किया जाए। उन्होंने कहा कि सनातन आस्था के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि किसी के पास आरोपों के समर्थन में तथ्य और प्रमाण हैं तो उन्हें एसआईटी के सामने प्रस्तुत किया जाए, अन्यथा बेबुनियाद आरोप-प्रत्यारोप बंद किए जाएं।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि पूरे मामले में दूध का दूध और पानी का पानी करके सच्चाई सामने लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि एसआईटी की पहली रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी गई है और जांच को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि सनातन आस्था के साथ जो भी खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी और किसी को भी संरक्षण नहीं मिलेगा।

राम मंदिर मुद्दे पर विपक्ष पर भी बोला हमला

अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि एक समय कुछ लोग भगवान राम के अस्तित्व को ही नकारते थे और अयोध्या को स्वीकार करने से भी इनकार करते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्षों तक न्यायालय में राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का विरोध किया गया और इसके खिलाफ कानूनी लड़ाई लड़ी गई।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जो लोग पहले ‘जय श्रीराम’ का उद्घोष करने वालों पर लाठी और गोली चलाते थे, वही आज आस्था के नाम पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग राम नवमी, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, कांवड़ यात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों में व्यवधान पैदा करते रहे, वे अब राम मंदिर को लेकर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार और बेईमानी के रिकॉर्ड बनाने वाले लोग आज अयोध्या पर सवाल खड़े कर रहे हैं, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता।

एसआईटी रिपोर्ट के बाद हुई कार्रवाई, आठ आरोपी गिरफ्तार

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने 23 जून को सरकार को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें कठोर कार्रवाई की सिफारिश की गई थी। इसी के आधार पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, ट्रस्ट सदस्य कृष्ण मोहन की तहरीर पर श्रीराम जन्मभूमि थाने में रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्र, अविनाश शुक्ला, करुणेश पांडेय, लवकुश मिश्र, रमाशंकर मिश्र, सुभाष श्रीवास्तव और मनीष कुमार यादव समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र