महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये, मुफ्त बस यात्रा और छात्राओं को लैपटॉप; सपा ने यूपी चुनाव के लिए खोला वादों का पिटारा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने रक्षाबंधन के मौके पर महिलाओं और छात्राओं के लिए कई बड़े चुनावी वादों का ऐलान किया है। सपा ने सरकार बनने पर महिलाओं के लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ शुरू करने की घोषणा की है। इसके तहत हर महिला को हर साल 40 हजार रुपये देने और समय के साथ इस राशि में बढ़ोतरी करने का वादा किया गया है। इसके अलावा महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा और स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को मेट्रो में मुफ्त सफर के लिए पास देने की बात कही गई है।
इंटर पास करने वाली हर छात्रा को मिलेगा लैपटॉप

लखनऊ में सपा की महिला जनप्रतिनिधियों और महिला पदाधिकारियों ने एक के बाद एक चुनावी घोषणाएं कीं। डिंपल यादव के अलावा कैराना की सांसद इकरा हसन, मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज और महिला विधायकों ने भी अलग-अलग घोषणाएं कीं। सपा ने कहा कि इंटरमीडिएट पास करने वाली हर छात्रा को लैपटॉप दिया जाएगा। पार्टी ने दावा किया कि पिछली सरकार में भी उसने लैपटॉप बांटे थे और अब सभी बेटियों को इसका लाभ दिया जाएगा।
बंद किए गए 26 हजार स्कूल फिर खोलने का वादा
सपा नेताओं ने प्रदेश में बंद किए गए सभी 26 हजार विद्यालयों को दोबारा खोलने का वादा किया। इसके साथ ही गांवों में बंद हो रहे आंगनबाड़ी केंद्रों को फिर से शुरू करने और हर जिले में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल खोलने की घोषणा की गई। पार्टी ने महिलाओं के लिए सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में हर महीने दो दिन का आकस्मिक अवकाश अनिवार्य करने की बात भी कही।
सरकारी स्कूलों में फीस माफ, निजी स्कूलों में आधी करने का दावा
सपा ने सरकार बनने पर सरकारी स्कूलों में महिलाओं की फीस माफ करने और निजी स्कूलों में उनकी फीस आधी करने का वादा किया है। इसके अलावा हर जिले में बुजुर्गों के लिए वृद्धाश्रम बनाने की बात कही गई। पार्टी ने हर महिला के लिए बस यात्रा मुफ्त करने और विधवा व बेसहारा महिलाओं को लोहिया आवास उपलब्ध कराने का भी ऐलान किया।
1090 व्यवस्था को और मजबूत करने का वादा
अखिलेश यादव ने कहा कि सपा सरकार के दौरान शुरू की गई 1090 व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। अखिलेश ने कहा कि आपात स्थिति के लिए डायल-100 पुलिस व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। उन्होंने इसे महिलाओं की पूरी आजादी की दिशा में पार्टी का संकल्प बताया।

अखिलेश ने योगी सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा ने पहले भी छात्राओं को लैपटॉप दिए थे और अब इंटर पास करने वाली सभी बेटियों को लैपटॉप दिया जाएगा। अखिलेश ने टैबलेट वितरण को लेकर भी योगी सरकार पर तंज कसा और कहा कि पहले बांटे गए टैबलेट का क्या हुआ, यह भी देखा गया है।
महिला आरक्षण लागू करने की भाजपा को चुनौती
अखिलेश यादव ने भाजपा को अगले चुनाव से ही महिला आरक्षण लागू करने की चुनौती दी। उन्होंने कहा कि भाजपा जितनी महिलाओं को चुनाव मैदान में उतारेगी, सपा उससे अधिक महिलाओं को टिकट देगी। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा के लिए नारी केवल नारे तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि सपा ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ को लेकर जनता के बीच जाएगी और आधी आबादी को पूरी आजादी दिलाने के लिए काम करेगी।
योगी सरकार की मुफ्त बस यात्रा योजना का भी जिक्र
सपा की घोषणाओं के बीच प्रदेश में योगी सरकार की ओर से रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू किए जाने का भी जिक्र सामने आया। सरकार ने 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए भी रोडवेज बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा शुरू की है। ऐसे में विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं को लेकर दोनों प्रमुख दलों की ओर से योजनाओं और वादों का दौर तेज हो गया है।
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------------

