शादी की जिद पर अड़ीं दो युवतियां, परिवार के सामने साफ किया फैसला; थाने से भी घर लौटने से किया इनकार
बताया जा रहा है कि दोनों युवतियों की दोस्ती कई साल पुरानी है। समय के साथ यह दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई और दोनों ने एक-दूसरे के साथ रहने का फैसला कर लिया। इसी बीच एक युवती के परिवार ने उसके लिए शादी का रिश्ता तलाशना शुरू किया। इस पर युवती ने घर के सामने रहने वाली अपनी दोस्त से ही शादी करने की इच्छा जाहिर कर दी। यह सुनकर परिवार के लोग हैरान रह गए और घर में विवाद शुरू हो गया।
दोनों परिवारों के बीच बढ़ा विवाद, पुलिस को बुलाना पड़ा
दोनों युवतियों को मनाने की तमाम कोशिशें नाकाम होने के बाद मामला परिवारों के बीच टकराव तक पहुंच गया। दोनों पक्ष एक-दूसरे को इस स्थिति के लिए जिम्मेदार ठहराने लगे। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर एक पक्ष ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पहले दोनों परिवारों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। बात नहीं बनी तो दोनों युवतियों को थाने ले जाया गया। वहां भी परिजनों ने उन्हें समझाने की कोशिश जारी रखी, लेकिन दोनों अपने फैसले पर कायम रहीं।
एक युवती के पिता, मां और भाभी ने भी उसे काफी देर तक मनाने का प्रयास किया। इसके बावजूद युवती ने स्पष्ट कर दिया कि दोनों एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकतीं।
थाने में भी परिवार के साथ जाने से किया इनकार
एक युवती की भाभी ने बताया कि उसकी ननद घर के सामने रहने वाली युवती से शादी करना चाहती है। उन्होंने इस फैसले के बाद दोनों के भविष्य को लेकर भी सवाल उठाए।

इसी बात को लेकर थाने में मौजूद दोनों परिवारों के बीच फिर विवाद शुरू हो गया। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने परिजनों को थाने से बाहर कर दिया। देर रात तक दोनों युवतियां थाने में ही मौजूद थीं और उन्होंने अपने परिवारों के साथ घर लौटने से इनकार कर दिया।
बालिग हैं दोनों युवतियां, अदालत के आदेश पर होगी आगे की कार्रवाई
शिकोहाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक अनुज कुमार के मुताबिक, दोनों युवतियां बालिग हैं और एक-दूसरे के साथ रहना चाहती हैं। पुलिस मामले में कानून के मुताबिक कार्रवाई कर रही है।
उन्होंने बताया कि दोनों को उनकी इच्छा के अनुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा। इसके बाद अदालत के आदेश के आधार पर आगे का फैसला लिया जाएगा। यदि दोनों अपने परिवार के साथ रहने को तैयार नहीं होती हैं तो उन्हें नारी गृह भेजे जाने का विकल्प भी है।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
