October 28, 2026

गोंडा: मोतीगंज पुलिस ने तीन चोरी की घटनाओं का किया खुलासा, 30,600 रुपये और जेवर बरामद; एक आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Image 2026-10-26 at 3.23.49 PM
गोंडा: मोतीगंज थाना पुलिस ने शराब की दुकानों और घरों में हुई चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथ मौजूद विधि का उल्लंघन करने वाले एक किशोर को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के आभूषण, 30,600 रुपये नकद, देशी शराब के 23 टेट्रा पैक और चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए हैं। एक मोटरसाइकिल को आवश्यक दस्तावेज नहीं दिखाने पर सीज किया गया है।

चैनवापुर के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, मोतीगंज थाना क्षेत्र में 12 और 13 अक्टूबर की रात कहोबा-डुमरियाडीह रोड स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब की दुकान में चोरी हुई थी। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर की रात ग्राम कुंदुरखी में देशी शराब की दुकान और दो घरों में चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में पुलिस ने अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए थे।

चोरी की घटनाओं का खुलासा करने और सामान बरामद करने के लिए पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल लोग मोटरसाइकिल से कुंदुरखी की ओर से आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने चैनवापुर के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति भागने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।

आभूषण, नकदी और शराब बरामद

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान आशीष कुमार मिश्रा पुत्र भानु प्रताप मिश्रा, निवासी मानपुर करोहामान, थाना मनकापुर, गोंडा के रूप में हुई है। उसके कब्जे से दो जोड़ी सफेद धातु की पायल, दो जोड़ी बिछिया, 30,600 रुपये नकद और देशी शराब के 23 टेट्रा पैक बरामद किए गए।

इसके अलावा चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल किया गया एक लोहे का सब्बल और एक पेचकस भी मिला है। पुलिस ने बजाज CT-100 मोटरसाइकिल को आवश्यक वाहन अभिलेख प्रस्तुत नहीं करने पर मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।

पूछताछ में तीन वारदातों में शामिल होने की बात

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आशीष कुमार मिश्रा ने अपने साथियों अभिषेक तिवारी, कल्लू सोनकर और एक किशोर के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

आरोपी ने बताया कि 12 और 13 अक्टूबर की रात कहोबा-डुमरियाडीह रोड स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान की खिड़की तोड़कर बीयर, अंग्रेजी शराब और काउंटर में रखे रुपये चोरी किए गए थे। इसके बाद 22 और 23 अक्टूबर की रात कुंदुरखी गांव में श्रवण कुमार मौर्य और राम केतार के घरों तथा देशी शराब की दुकान में चोरी की गई। पुलिस के अनुसार, चोरी के सामान को बेचकर मिले रुपये आरोपियों ने आपस में बांट लिए थे।

तीनों मामलों में आगे की कार्रवाई

मोतीगंज पुलिस ने इन घटनाओं के संबंध में दर्ज तीन मुकदमों में चोरी और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। मामले में अन्य कथित साथियों की भूमिका को लेकर पुलिस की कार्रवाई जारी है।

इस कार्रवाई में मोतीगंज थानाध्यक्ष तेज नरायन गुप्ता के नेतृत्व में उपनिरीक्षक रविन्द्र तिवारी, रोहित रनवीर और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be  

एक नज़र