शिवा शर्मा मौत केस से गिरेगी यूपी सरकार? अखिलेश यादव का बड़ा दावा, विकास दुबे एनकाउंटर की याद दिलाकर मचाई सियासी हलचल
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ के कैफे मालिक शिवा शर्मा की मौत के मामले को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह मामला इतना गंभीर है कि इससे उत्तर प्रदेश सरकार पर संकट खड़ा हो सकता है। मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश ने इस प्रकरण की तुलना वर्ष 2020 में गैंगस्टर विकास दुबे की पुलिस मुठभेड़ से भी की।
सरकार पर कसा तंज, प्रभावशाली लोगों से जुड़ाव का दिया संकेत

शिवा शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर और मामले की मुख्य आरोपी श्रद्धा दुबे को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने किसी का नाम लिए बिना पुलिस और प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “यह मामला भी कोई मामूली मामला नहीं है। यह ऐसा मामला है जो सरकार को गिरा देगा।”
सपा प्रमुख ने इस मामले में कुछ प्रभावशाली लोगों के कथित तौर पर जुड़े होने की ओर भी इशारा किया। उन्होंने कहा कि पीड़ित को न्याय मिलना चाहिए। इसी दौरान उन्होंने वर्ष 2020 की घटना का जिक्र करते हुए कहा, “याद करिए, तब गाड़ी नहीं पलटी थी, सरकार पलटने से बच गई थी।”
विकास दुबे मुठभेड़ का जिक्र कर क्या बोले अखिलेश?
अखिलेश यादव का इशारा गैंगस्टर विकास दुबे की उस मुठभेड़ की ओर था, जिसमें जुलाई 2020 में उसकी मौत हो गई थी। विकास दुबे को मध्य प्रदेश के उज्जैन से उत्तर प्रदेश लाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, कानपुर के पास वाहन पलटने के बाद उसने भागने की कोशिश की थी, जिसके बाद पुलिस मुठभेड़ में वह मारा गया।
विकास दुबे पर कानपुर के बिकरू गांव में पुलिसकर्मियों की सामूहिक हत्या का आरोप था। उसने उज्जैन में आत्मसमर्पण किया था। अखिलेश ने शिवा शर्मा मामले में न्याय सुनिश्चित करने की मांग करते हुए इसी घटना के संदर्भ में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा।
श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपी नागपुर से गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, श्रद्धा दुबे समेत तीन आरोपियों को मंगलवार को नागपुर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लखनऊ ला रही है। इस मामले में 31 वर्षीय फैशन मॉडल श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि दुबे, उनके चालक तनवीर अली उर्फ दानिश समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
टीवी चैनलों की कवरेज पर भी उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने शिवा शर्मा की मौत से जुड़े मामले की मीडिया कवरेज पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि टीवी चैनल इस मुद्दे पर बंटे हुए हैं। कुछ चैनल श्रद्धा दुबे के पक्ष में तो कुछ उसके खिलाफ नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “हर जगह श्रद्धा ही श्रद्धा है। पुलिस उसे पकड़ नहीं पा रही है।”
9 अक्टूबर को अपार्टमेंट की बालकनी से गिरने से हुई थी मौत
लखनऊ के हजरतगंज स्थित बालू अड्डा इलाके में 9 अक्टूबर को 28 वर्षीय कैफे मालिक शिवा शर्मा की एक अपार्टमेंट की बालकनी से कथित तौर पर गिरने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद उनके परिवार ने आरोप लगाया था कि शिवा को इमारत से नीचे फेंकने से पहले उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें प्रताड़ित किया गया। परिवार के आरोपों के बाद यह मामला चर्चा में आया।
https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be
