October 19, 2026

CEC ज्ञानेश कुमार को खतरा, Z-प्लस से भी ज्यादा सुरक्षा दी गई; पुलिस को मिला खुफिया इनपुट

2

नई दिल्ली: मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के नई दिल्ली स्थित आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। ताजा सुरक्षा इनपुट और राजधानी में जारी विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने उनके घर के आसपास अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है।

अधिकारियों के मुताबिक, ज्ञानेश कुमार को पहले से ही Z-प्लस सुरक्षा प्राप्त है। हालांकि, नए खुफिया इनपुट सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस को भी सतर्क रहने और अपने स्तर पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, नई दिल्ली जिले में पहले से ही प्रदर्शन चल रहे हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए दिल्ली पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियों को भी बेहतर तालमेल के साथ काम करने को कहा गया है।

SIR को लेकर विपक्ष का प्रदर्शन

CEC की सुरक्षा बढ़ाए जाने का फैसला ऐसे समय में हुआ है, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में INDIA ब्लॉक के नेता चुनाव आयोग की मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

विपक्षी दलों की ओर से मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी की है।

दिल्ली में 23 हजार अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी

राजधानी में लगातार हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस को अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षा बल उपलब्ध कराए हैं।

गृह मंत्रालय के निर्देश पर 8 से 12 अक्टूबर के बीच CAPF की 221 कंपनियां, यानी करीब 23 हजार अतिरिक्त जवान, दिल्ली पुलिस की मदद के लिए तैनात किए जा रहे हैं।

इनमें CRPF की कंपनियों को जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ समेत विभिन्न राज्यों से दिल्ली लाया जा रहा है। अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती का उद्देश्य राजधानी में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों को नियंत्रित करना, संवेदनशील इलाकों और प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा मध्य दिल्ली में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है।

फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को आवश्यकता के अनुसार बढ़ाया जा रहा है।

---------------------------------------------------------------------------------------------------   https://www.youtube.com/watch?si=RtToJsBhYBatUrym&v=mOuYNSdhjHA&feature=youtu.be