NEET पेपर लीक पर देशभर में उबाल, बिहार में लाठीचार्ज-हवाई फायरिंग; लखनऊ में वकील सड़कों पर, कई राज्यों में प्रदर्शन तेज
नई दिल्ली: नीट-यूजी पेपर लीक मामले में छात्रों पर बल प्रयोग के विरोध में गुरुवार को देश के कई राज्यों में व्यापक प्रदर्शन हुए। उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, झारखंड, पंजाब और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में छात्र संगठनों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। सबसे अधिक तनावपूर्ण स्थिति बिहार में देखने को मिली, जहां कई जिलों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, लाठीचार्ज करना पड़ा और हवाई फायरिंग तक की गई।
बिहार में कई जिलों में हिंसक प्रदर्शन, पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
बिहार के दरभंगा और जहानाबाद में प्रदर्शन हिंसक हो गया। दरभंगा में प्रदर्शनकारियों के एक समूह ने करीब चार घंटे तक रुक-रुक कर पुलिस पर पथराव किया। स्थिति नियंत्रण से बाहर होती देख पुलिस ने सात राउंड आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया। इस दौरान नगर एसपी अशोक कुमार चौधरी, सदर एसडीपीओ समेत दो दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने 34 लोगों को हिरासत में लिया है।
जहानाबाद में डीएम आवास के पास प्रदर्शनकारियों ने डिवाइडर तोड़ दिया और पुलिस पर पथराव किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग करनी पड़ी। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर भी छात्रों और पुलिस के बीच झड़प हुई, जिसके बाद बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को हटाया गया।
पटना में विधानसभा मार्च रोका, कई छात्र घायल
पटना विश्वविद्यालय से विधानसभा की ओर मार्च निकाल रहे छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। इस कार्रवाई में आधा दर्जन छात्रों के सिर फटने की सूचना है। पुलिस मुख्यालय ने 117 और पटना पुलिस ने 60 प्रदर्शनकारियों की तस्वीरें जारी की हैं। एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि छात्र आंदोलन को उपद्रवियों ने हाईजैक कर लिया था।
मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सीतामढ़ी, हाजीपुर, बेगूसराय और कटिहार में भी विरोध प्रदर्शन हुए। कटिहार में कलेक्ट्रेट गेट पर पथराव में सदर अंचल अधिकारी, यातायात डीएसपी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया।
बिहार विधानसभा में भी हंगामा, मारपीट की नौबत
नीट पेपर लीक मुद्दे पर बिहार विधानसभा के दोनों सदनों में विपक्ष ने जोरदार हंगामा किया। कार्यवाही बाधित रही और कई जरूरी कार्य नहीं हो सके। इस दौरान भाजपा विधायक श्यामबाबू यादव और आईआईपी विधायक आईपी गुप्ता के बीच तीखी नोकझोंक के बाद मारपीट जैसी स्थिति बन गई। मार्शलों और अन्य विधायकों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया।

उत्तर प्रदेश में लखनऊ और प्रयागराज में विरोध प्रदर्शन
उत्तर प्रदेश में लखनऊ और प्रयागराज प्रदर्शन के प्रमुख केंद्र रहे। लखनऊ के मोहनलालगंज में वकीलों ने सड़क पर उतरकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की मांग की। प्रयागराज में दिशा छात्र संगठन और नौजवान भारत सभा के बैनर तले छात्रों ने आजाद पार्क में प्रदर्शन कर प्रतिवाद सभा आयोजित की।
बरेली में भी युवाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग का ज्ञापन प्रशासन को सौंपा।
झारखंड, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड में भी विरोध
झारखंड में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच अंडे और टमाटर फेंके गए, जिसके बाद पथराव की स्थिति बनी। हालात काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। दोनों दलों ने एक-दूसरे के करीब 50 नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
उत्तराखंड के सभी जिलों में कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और छात्र संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब के कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया, जबकि चंडीगढ़ में विभिन्न संगठनों ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। राजस्थान के बांसवाड़ा में कांग्रेस और भारत आदिवासी पार्टी के कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

