July 22, 2026

गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल मार्ग पर बड़ा हादसा टला, मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतरे; 53 ट्रेनों का संचालन प्रभावित

train-1784604367

गाजियाबाद: दिल्ली मंडल के गाजियाबाद-नई दिल्ली रेल सेक्शन पर मंगलवार सुबह बड़ा रेल हादसा टल गया, जब सामान से लदी एक मालगाड़ी के छह डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद रेल मार्ग पर परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। रेलवे ने कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ कई का मार्ग भी बदल दिया है।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, शुरू हुआ बहाली अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की निगरानी में राहत एवं बहाली कार्य शुरू कराया गया। पटरी से डिब्बे उतरने के कारण इस व्यस्त रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई, जिसके चलते रेलवे प्रशासन ने परिचालन व्यवस्था में तत्काल बदलाव किए।

ट्रेनों के संचालन में बड़े स्तर पर बदलाव

रेलवे प्रशासन के अनुसार, प्रभावित रेल मार्ग के कारण 24 ट्रेनों को दिल्ली-नई दिल्ली के वैकल्पिक मार्ग से डायवर्ट किया गया है। वहीं यात्रियों की सुरक्षा और परिचालन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 16 पैसेंजर ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा 5 पैसेंजर ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य से पहले ही शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है या वहीं से वापस संचालित किया जा रहा है।

आनंद विहार आने वाली ट्रेनें भी रोकी गईं

आनंद विहार की ओर आने वाली 8 ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल और उत्तर मध्य रेलवे के विभिन्न स्टेशनों पर रोककर नियंत्रित किया जा रहा है। इस घटना का असर कुल 53 ट्रेनों के संचालन पर पड़ा है। रेलवे प्रशासन पटरी की मरम्मत और परिचालन को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए लगातार बहाली कार्य में जुटा हुआ है।

बिलासपुर में भी एक दिन पहले हुआ था मालगाड़ी हादसा

इससे पहले सोमवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करगी रोड स्टेशन के पास एक मालगाड़ी के तीन खाली डिब्बे पटरी से उतर गए थे। यह दुर्घटना बिलासपुर-कटनी रेलखंड की डाउन लाइन पर उस समय हुई, जब खाली मालगाड़ी पेन्ड्रा रोड से बिलासपुर की ओर जा रही थी। घटना के बाद रेलवे अधिकारियों, अभियंताओं और तकनीकी टीमों ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित डिब्बों को दोबारा पटरी पर लाने के लिए बहाली अभियान शुरू किया।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र