July 21, 2026

सपने में मिला ‘मारने’ का आदेश बताकर दादी की हत्या, कुल्हाड़ी से वार के बाद शव को चारपाई से बांधा

crime_1739924710572_178452516358

हमीरपुर: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी ही दादी की कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात के बाद उसने शव को रस्सी से चारपाई से बांध दिया और वहीं बैठा रहा। परिजनों के अनुसार, आरोपी का कहना था कि उसे सपने में भगवान ने आदेश दिया था कि जो भी सामने आए, उसे मार दो। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

मां और ग्रामीण महिला पर भी किया हमला

परिजनों के मुताबिक, घटना से पहले आरोपी अपनी मां और उसके साथ खेत जा रही एक महिला के पीछे कुल्हाड़ी लेकर दौड़ पड़ा। दोनों ने किसी तरह जान बचाई। आसपास मौजूद चरवाहों ने बीच-बचाव कर उन्हें सुरक्षित निकाला। इसके बाद आरोपी घर की ओर चला गया।

घर पहुंचते ही दादी पर किया हमला

आरोपी की मां सुमितरानी ने बताया कि उसका बेटा लंबे समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ है। रविवार को उसकी हालत पहले से अधिक बिगड़ी हुई थी और वह लगातार कह रहा था कि उसे सपने में भगवान ने कहा है कि जो सामने आए, उसे मार दो।

आरोप है कि इसके बाद युवक सीधे घर पहुंचा और पहले अपने चाचा के बेटे पर कुल्हाड़ी से हमला किया। वह किसी तरह जान बचाकर मौके से भाग निकला। इसके बाद घर में चारपाई पर लेटी अपनी दादी शोभारानी पर आरोपी ने कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।

हत्या के बाद शव को चारपाई से बांध दिया

मृतका के बेटे बहादुर राजपूत ने बताया कि वह घर पर मौजूद थे, तभी आरोपी गाली-गलौज करते हुए कुल्हाड़ी लेकर पहुंचा और उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी गर्दन पर भी चोट लगी, लेकिन वह किसी तरह भागकर ग्रामीणों से मदद मांगने पहुंचे। जब तक लोग वापस लौटे, तब तक आरोपी उनकी मां की हत्या कर चुका था। आरोप है कि उसने शव के गले में रस्सी बांधकर उसे चारपाई से बांध दिया और वहीं बैठा रहा।

परिजनों ने मानसिक बीमारी का किया दावा

आरोपी की मां का कहना है कि उसका बेटा कई वर्षों से मानसिक समस्याओं से जूझ रहा है। उनके अनुसार, करीब तीन महीने पहले तक उसे हाथ-पैरों में बेड़ियां डालकर रखा जाता था और झाड़-फूंक भी कराई गई थी। हाल के दिनों में उसकी मानसिक स्थिति और बिगड़ गई थी। परिवार का कहना है कि इसी वजह से उसने यह वारदात की।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

......................................................................................................... --------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------- ---------------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र