रेल यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव: जनरल टिकट पर भी आईडी होगी अनिवार्य, WhatsApp टिकट और स्क्रीनशॉट से नहीं कर सकेंगे सफर
धनबाद: भारतीय रेलवे ने जनरल टिकट पर यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए नया नियम लागू किया है। अब रेलवन ऐप के जरिए बुक किए गए जनरल टिकट पर सफर करने के लिए फोटोयुक्त पहचान पत्र साथ रखना अनिवार्य होगा। हालांकि, रेलवे काउंटर से खरीदे गए जनरल टिकट पर पहले की तरह बिना पहचान पत्र के यात्रा की सुविधा जारी रहेगी।
रेलवे की ओर से विभिन्न जोनों में यात्रियों को इस नए नियम की जानकारी दी जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, रेलवन ऐप से जारी जनरल टिकट तभी वैध माना जाएगा, जब वह उसी पंजीकृत मोबाइल फोन में उपलब्ध हो, जिससे टिकट बुक किया गया है।
WhatsApp टिकट और स्क्रीनशॉट नहीं होंगे मान्य
नए नियम के तहत रेलवन ऐप से बुक किए गए टिकट का स्क्रीनशॉट या WhatsApp पर भेजी गई टिकट की कॉपी यात्रा के दौरान स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि यात्री किसी दूसरे मोबाइल में टिकट का स्क्रीनशॉट दिखाते हैं या किसी अन्य व्यक्ति से WhatsApp पर टिकट मंगाकर यात्रा करते हैं, तो उन्हें बिना टिकट यात्री माना जाएगा और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फोटोयुक्त पहचान पत्र रखना होगा जरूरी
रेलवन ऐप से जनरल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को यात्रा के दौरान वैध फोटो पहचान पत्र साथ रखना होगा। टिकट जांच के समय मोबाइल में मूल टिकट और पहचान पत्र दोनों प्रस्तुत करने होंगे।
ऑनलाइन टिकट बुकिंग पर मिलेगा बोनस

रेलवन ऐप के आर-वॉलेट के माध्यम से जनरल टिकट बुक करने वाले यात्रियों को तीन प्रतिशत बोनस योजना का लाभ मिल रहा है। रेलवे ऑनलाइन टिकट बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस योजना को 24 अगस्त 2028 तक जारी रखने की तैयारी कर रहा है।
धनबाद स्टेशन पर चला टिकट जांच अभियान
इधर, धनबाद रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म और विभिन्न मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों में जांच के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनधिकृत यात्रा और बिना बुक किए सामान ले जाने वाले कुल 51 यात्री पकड़े गए।
रेलवे ने कार्रवाई करते हुए इन यात्रियों से कुल 33,310 रुपये का जुर्माना वसूला। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------

