यूपी के 12 लाख शिक्षकों-कर्मचारियों को बड़ी सौगात, कैशलेस इलाज शुरू, एक करोड़ तक के बीमा का भी ऐलान
वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कई बड़ी कल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की। मुख्यमंत्री ने 12 लाख से अधिक शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए पांच लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा का शुभारंभ किया। इसके साथ ही भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौते के तहत एक करोड़ रुपये तक के बीमा कवर की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम के दौरान 1.10 करोड़ स्कूली बच्चों के अभिभावकों के खातों में यूनिफॉर्म, जूते, मोजे और स्कूल बैग के लिए 1,200-1,200 रुपये की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण के माध्यम से भेजी गई।
सरकार उठाएगी कैशलेस इलाज का पूरा खर्च
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों और कर्मचारियों को मिलने वाली कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा पर राज्य सरकार हर वर्ष करीब 450 करोड़ रुपये खर्च करेगी। इस योजना का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी और लाभार्थियों से किसी प्रकार का अंशदान नहीं लिया जाएगा। उन्होंने शिक्षकों से बच्चों की शिक्षा, विद्यालयों की स्वच्छता और बेहतर शैक्षणिक वातावरण पर विशेष ध्यान देने की अपील भी की।
स्थायी और संविदा कर्मियों को मिलेगा लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि विभाग और भारतीय स्टेट बैंक के बीच हुए समझौते के दायरे में लगभग 4.50 लाख स्थायी तथा 5.50 लाख संविदा कार्मिक शामिल होंगे। इनमें शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, समग्र शिक्षा अभियान से जुड़े कर्मचारी, मध्याह्न भोजन योजना के कार्मिक, रसोइये तथा विभाग के अन्य संबद्ध कर्मचारी भी शामिल हैं।
एक करोड़ तक का बीमा कवर मिलेगा
समझौते के तहत शिक्षक और कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, एक करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और एक करोड़ रुपये तक का स्थायी दिव्यांगता बीमा कवर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा 1.60 करोड़ रुपये तक का अतिरिक्त दुर्घटना बीमा कवर भी प्रदान किया जाएगा।

अनहोनी की स्थिति में परिवार को भी मिलेगी सहायता
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि किसी शिक्षक या कर्मचारी के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उनके परिवार, बच्चों की पढ़ाई और बेटियों के विवाह जैसी आवश्यकताओं के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने इसे सामाजिक सुरक्षा की नई पहल बताते हुए कहा कि इस तरह की योजना पहली बार लागू की जा रही है और उत्तर प्रदेश इसे लागू करने वाला पहला राज्य है।
तीन बड़ी योजनाओं की एक साथ शुरुआत
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि शिक्षा परिवार से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहली योजना शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा है, जिसका लाभ 12 लाख से अधिक लोग उठाएंगे। दूसरी योजना के तहत बेसिक शिक्षा परिषद के 1.10 करोड़ विद्यार्थियों के अभिभावकों के खातों में 1,200 रुपये की राशि भेजी गई है, जिससे दो यूनिफॉर्म, स्कूल बैग, जूते और मोजे खरीदे जा सकें। तीसरी योजना के रूप में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए व्यापक बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है।
.........................................................................................................
---------------------------------------------------------------------------------------
----------------------------------------------------------------------------------------
---------------------------------------------------------------------------------------------
