नोएडा प्रदर्शन के बीच ऐक्शन में यूपी सरकार, सीएम योगी के निर्देश पर बनाई गई हाई लेवल कमेटी

ANI-20260106163-0_1767717000094_1767717007457_1776079324833

CM Yogi Order: सैलरी बढ़ोत्तरी की मांग को लेकर नोएडा में हुई हिंसा और आगजनी को लेकर सीएम योगी ऐक्शन में आ गए हैं। मजदूरों के हितों की रक्षा और औद्योगिक शांति बनाए रखने को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। सीएम योगी के निर्देश पर एक हाई लेवल कमेटी बनाई गई है। सीएम योगी ने कहा, यूपी में अराजकता नहीं होने दी जाएगी। स्वार्थपरक और राजनैतिक विद्वेष माहौल खराब करने की गहन जांच की जाएगी। इसके लिए एक कमेटी गठित की गई है। यह कमेटी समस्याओं का उचित समाधान करेगी। इस कमेटी का उद्देश्य अलग-अलग स्टेकहोल्डर्स से बात करके औद्योगिक क्षेत्र में आने वाली समस्याओं को दूर करने और शांति व्यवस्था बनाए रखना है।

सीएम योगी के निर्देश पर गठित कमेटी में श्रमिक संगठन के पांच और उद्यमी संघ के तीन प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। औद्योगिक विकास आयुक्त को कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। समिति में अपर मुख्य सचिव (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम), प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन को सदस्य के रूप में शामिल गया है। इसके अलावा श्रमिकों और उद्योग पक्ष की ओर से श्रमिक संगठनों के पांच प्रतिनिधियों और उद्यमी संघ के तीन प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। बतादें कि सीएम योगी के निर्देश के बाद हाई पावर्ड कमेटी सभी हितधारकों से सामंजस्य बनाने और बातचीत करने के लिए नोएडा पहुंची है। जल्द ही समस्याओं का समाधान किया जाएगा।

नोएडा में क्यों हिंसक हो गए श्रमिक
पिछले छह दिनों से नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिक प्रदर्शन कर रहे हैं, जो सोमवार को हिंसक हो गया। इसके बाद विभिन्न फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने नोएडा में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की। नोएडा के फेज-2 और सेक्टर-60 इलाकों में वाहनों में आग लगा दी गई, संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया और पथराव की घटनाएं सामने आईं। प्रदर्शन के कारण यातायात ठप हो गया, जिससे सुबह के व्यस्त समय में दिल्ली जाने वाली विभिन्न सड़कों पर हजारों यात्री फंस गए। दिल्ली-नोएडा सीमा पर कई किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। इसके अलावा सेक्टर-62 और सेक्टर-84 में भी मजदूरों ने सुबह से ही प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-9 को भी जाम कर दिया।

अफवाह फैलाने के आरोप में दो ‘सोशल मीडिया हैंडल’ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बीच इस मामले को लेकर अफवाहें फैलाने के आरोप में दो ‘सोशल मीडिया हैंडल’ के खिलाफ मुकदमे की कार्यवाही शुरू की गई है। पुलिस के बयान में कहा गया,’गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वालों और लोगों को भड़काने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।’ पुलिस ने बताया कि इस मामले में अफवाह फैलाने के आरोप में ‘एक्स’ के दो हैंडल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। पुलिस ने कहा कि नोएडा में कथित रूप से बाहरी तत्वों द्वारा भड़काये जाने पर कई स्थानों पर प्रदर्शन और एक जगह पर हिंसा हुई, जिसे न्यूनतम बल का उपयोग करके काबू में कर लिया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस घटना के दौरान कोई गोलीबारी नहीं की गई है और जनता से आग्रह किया कि वे गलत जानकारी न फैलाएं।

--------------------------------------------------------------------------------------- ----------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र