गर्मियों में त्वचा की देख भाल के लिए गुलाब जल —-शहनाज़ हुसैन

SH111

गुलाब जल का इस्तेमाल सुन्दरता निखारने में सदियों से किया जा रहा है / जब स्किन केयर की बात आती है तो सबसे पहले गुलाब का ही नाम आता है /
यह आपकी त्वचा और चेहरे को ठंडक प्रदान करता है जबकि इसकी खुश्बू आपको तरोताजा रखती है और मूड को बेहतर रखती है /
गर्मियों में गुलाब जल त्वचा के लिए एक प्राकृतिक टोनर, क्लींजर और हाइड्रेटर है और आप इसका इस्तेमाल मास्क या मेक अप रिमूवर के तौर पर भी कर सकते हैं /
यह त्वचा को ठंडक, नमी और निखार देता है, साथ ही पीएच स्तर को संतुलित रखता है। यह टैनिंग, सनबर्न, मुहांसों और अतिरिक्त तेल को कम करने में बेहद प्रभावी है। इसे स्प्रे, टोनर या फेस पैक के रूप में इस्तेमाल कर सकते हैं ।
एंटीऑक्सीडेंट और एंटीबैक्टीरियल गुणों भरपूर गुलाब जल गर्मियों की तेज धूप से स्किन को सुरक्षित रखता है/
गर्मियों में रूखी ,बेजान चेहरे की त्वचा को तरोताजा रखने के लिए गुलाब जल को फेस मिस्ट के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं / आप इसे एक बोतल में रख कर चेहरे पर स्प्रे कर सकते है और इसे त्वचा पर पूरी तरह सोखने दें /
अगर आप कील , मुहांसों और दाग धब्बों से परेशान हैं तो आप रात को सोने से पहले कॉटन बॉल की मदद से गुलाब जल लगाएं और इसे रात भर लगा रहने दें / आप इसे चेहरे पर सीधे भी स्प्रे कर सकते हैं या गुलाब जल को आइस ट्रे में जमा लें और इन आइस क्यूब की चेहरे पर हल्के हलके मसाज करें / इससे तपती धुप में ठंडक मिलेगी और चेहरे का ग्लो दिखेगा /
गर्मियों के दिनों में तैलीय त्वचा की बजह से पिंपल आम समस्या है / इससे निपटने के लिए एक चमच्च मुल्तानी मिट्टी में दो तीन चमच्च गुलाब जल को मिलाकर बने पेस्ट को चेहरे पर लगा लें और इसे प्रकृतिक तौर पर सूखने दें / पूरी तरह सुख जाने के बाद इसे ताजे ठन्डे पानी से धो डालें /
गुलाब जल के उपयोग से आँखों के गिर्द डार्क सर्कल को कम करने में मदद मिलती है / इसके लिए आप प्रभावित क्षेत्र में रुई की मदद से गुलाब जल लगाएं जिससे त्वचा में नमी बढ़ेगी और डार्क सर्कल धीरे धीरे कम होंगे / डार्क सर्कल के लिए गुलाब जल और ठंडे दूध को अच्छी तरह मिलाएं / इस मिश्रण को कॉटन बॉल की मदद से आहिस्ता आहिस्ता आँखों को नीचे लगा कर आधा घंटा बाद ताजे पानी से धो डालें / आप इसे हफ्ते में तीन बार उपयोग में ला सकते हैं और कुछ ही दिनों में बेहतर परिणाम देखने में मिलेंगे /
पुदीने और गुलाब जल का पैक त्वचा को कोमल और मुलायम बनाने में काफी सहायक होता है / पुदीने के रस में एक चम्मच शहद और थोड़ा सा गुलाब जल मिलकर बने पैक को चेहरे पर कुछ देर तक लगाने के बाद ताजे पानी से धो डालें। गुलाब जल त्वचा के पी एच लेवल को संतुलित करता है
गुलाब की खुशबु का हेयर परफ्यूम बनाने के लिए 2 चम्मच गुलाब का तेल, 1 चम्मच जोजोबा ऑयल और 5 चम्मच गुलाब जल को एक स्प्रे बोतल में डाल कर मिक्स करें। आपका होममेड गुलाब की खुशबू वाला हेयर परफ्यूम तैयार है। सुबह घर से बाहर जाने से पहले इस हेयर परफ्यूम को बालों पर लगाएं। इससे न सिर्फ आपके बालों से अच्छी खुशबू आएगी बल्कि बालों को पोषण भी मिलेगा।
गर्मियों में अक्सर शुष्क त्वचा की समस्या से जूझना पड़ता है / इस समस्या के निदान के लिए एक चम्मच शुद्ध ग्लिसरीन को 100 मिलीलीटर गुलाबजल में मिलाकर बोतल को फ्रीज में रख दीजिए। इस लोशन को रोजाना त्वचा के रूखेपन को दूर करने के लिए उपयोग कीजिए।
सभी प्रकार की त्वचा में नमी तथा मुलायम बनाने के लिए शहद तथा अलोवेरा जैल का प्रयोग किया जा सकता है। इसे चेहरे पर लगाने के 20 मिनट बाद चेहरे को स्वच्छ ताजे पानी से धो डालिए।
तैलीय तथा मिश्रित त्वचा के लिए तीन चम्मच जई में दही, शहद तथा गुलाब जल मिलाएं। इस सब का पेस्ट बना होठों तथा आँखों को छोड़कर बाकी चेहरे पर लगा ले तथा 20 मिनट बाद साफ पानी से धो डालिए।
लेखिका अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौन्दर्य विशेष्ज्ञ है और हर्बल क्वीन के रूप में लोकप्रिय है

--------------------------------------------------------------------------------------- ----------------------------------------------------------------------------------------

एक नज़र