नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में शनिवार सुबह भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिली। क्षेत्र के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब से गंभीर श्रेणी में बना हुआ है। प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है। वहीं, बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के अनुसार, दिल्ली के कनॉट प्लेस के बाहरी और अंदरूनी सर्कल में शनिवार सुबह AQI 326 दर्ज किया गया, जिसे बहुत खराब श्रेणी में रखा गया है। वहीं, आईटीओ में वायु गुणवत्ता सूचकांक 414 रिकॉर्ड किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। हालांकि, धौला कुआं के आसपास सुबह करीब 6 बजे AQI 147 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में है।
प्रदूषण का असर दिल्ली के साथ-साथ एनसीआर के शहरों में भी देखने को मिल रहा है। नोएडा के सेक्टर-62 में AQI 439 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में है। वहीं, दिल्ली के चांदनी चौक में 391, बवाना में 388, आनंद विहार में 378, इंदिरापुरम में 365 और हापुड़ में 365 AQI रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा अशोक विहार में AQI 340 और आईजीआई एयरपोर्ट पर 352 दर्ज किया गया। गुरुग्राम के सेक्टर-51 में वायु गुणवत्ता सूचकांक 216 रहा, जिसे खराब श्रेणी में रखा गया है।
एम्स के विशेषज्ञों ने लोगों को प्रदूषण के दौरान खुले में टहलने और व्यायाम करने से बचने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
फोर्टिस अस्पताल, शालीमार बाग के रेस्पिरेटरी मेडिसिन एवं रेस्पिरेटरी क्रिटिकल केयर विभाग के सीनियर डायरेक्टर एवं एचओडी डॉ. विकास मौर्य के अनुसार, प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म विषैले कण नाक के प्राकृतिक फिल्टर को पार करके फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं। इससे शरीर में सूजन बढ़ सकती है और अस्थमा व ब्रोंकाइटिस जैसी बीमारियां गंभीर रूप ले सकती हैं। प्रदूषण के कारण हृदय पर भी दबाव बढ़ सकता है और सीने में असहजता महसूस हो सकती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी तरह फिट होने वाला एन95 मास्क पहनें। कपड़े और ढीले सर्जिकल मास्क पीएम 2.5 के सूक्ष्म कणों से पर्याप्त सुरक्षा नहीं देते। अस्थमा और सीओपीडी के मरीजों को अपने निर्धारित इन्हेलर और दवाओं का नियमित इस्तेमाल करना चाहिए। चिकित्सक की सलाह के बिना दवाएं बंद नहीं करनी चाहिए।
प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर घर की खिड़कियां बंद रखें और संभव हो तो हेपा फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर इस्तेमाल करें। इसके अलावा पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और संतरा, नींबू व आंवला जैसे विटामिन सी से भरपूर फल अपने आहार में शामिल करें। इन्फ्लूएंजा और न्यूमोकोकल संक्रमण से बचाव के लिए चिकित्सक की सलाह से टीकाकरण भी करवाएं।